टीम इंडिया ने बुधवार को पुणे वन-डे में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी की। मैच में रनों का सूखा नजर आ रहा था, लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने विकेट के पीछे से कुछ मजेदार कमेंट्स करके टीम व दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
धोनी समां बांधने में माहिर माने जाते हैं और उन्होंने बुधवार को पुणे में कुछ ऐसा ही किया। वो लगातार अपनी टीम के खिलाड़ियों को सलाह देते नजर आए और कप्तान विराट कोहली को भी उन्होंने मजेदार बातें कही। यह सभी बातें विकेट से जुड़े माइक पर साफ सुनाई दे रही थी।
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड से किया हिसाब बराबर, कानपुर में होगी निर्णायक जंग
धोनी ने इस दौरान कोहली को उनके पेटनेम चीकू बोलकर कुछ कमेंट्स किए तो केदार जाधव को केडू बुलाया। बीच-बीच में उन्होंने बेहद मजेदार कमेंट्स किए और इसे सुनकर स्टेडियम में मौजूद दर्शक धोनी।।।धोनी कहें बिना रह नहीं सके।
स्टंप के पीछे धोनी के कमेंट्स इस प्रकार रहे:
केदार जाधव की गेंदबाजी के दौरान धोनी लगातार बोल रहे थे, 'बहुत बढ़िया, अच्छा डाल रहा है।' 'ऐसा ही डाल इसको, हर तीसरा बॉल ये ही रखना।' उन्होंने साथ ही कहा, 'केडू अच्छी गेंद डाल रहा है, ऐसे ही करते रह।' 'बहुत बढ़िया, शाबाश, ऑफस्टंप के बाहर भी फेंक सकता है। इसको जल्दी आउट कर सकते हैं।'
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया की पुणे वन-डे में जीत के ये हैं 5 हीरो
धोनी ने फील्डिंग सेट करवाने के लिए भी कोहली को कहा, लेकिन अपने ही अंदाज में। वो चिल्लाए, 'चीकू, दो-तीन फील्डरों को इधर छोड़ दे।' आपको बता दें कि चीकू विराट कोहली का ही नाम है।
गौरतलब है कि बुधवार को खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को जीत के लिए 231 रनों का लक्ष्य दिया। जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 46 ओवर में ही 232 रन बनाते हुए 6 विकेट से आसान जीत दर्ज कर ली।