टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों आईपीएल में चेन्नई की कप्तानी कर रहे हैं।
धोनी अपनी बेहतरीन रणनीतियों और मैदान पर संतुलित व्यवहार के लिए जाने जाते हैं लेकिन शायद ही किसी को पता हो कि 'कैप्टन कूल' को कुत्तों से बहुत लगाव है।
पुणे के साथ मंगलवार को मैच के दौरान उन्हें सुरक्षा में लगे एक 'स्नीफर डाग' को देखते ही प्यार हो गया और अब वह उसे घर ले जाने की तैयारी में हैं।
पिछले दिनों धोनी ने अपनी फीमेल डॉग 'सैम' की डेथ पर अपने फेसबुक पेज पर बहुत दुख जताया था।
मैदान पर बेहद शांत और अपने बल्ले से बेहद आक्रामक दिखने वाले धोनी अन्य खिलाड़ियों की तरह दिमाग को ठंडा रखने और आराम के लिए गाने सुनने, घूमने, शापिंग करने या पसंदीदा खाना खाने के बजाय अपने प्यारे कुत्तों के संग वक्त बिताना ज्यादा पसंद करते हैं।
कैप्टन कूल ही नहीं बल्कि उनकी पत्नी साक्षी को भी कुत्तों से बेहद लगाव है। सोशल नेटवर्किंग साइट पर धोनी आईपीएल से जुड़ किस्सों या मैच के बारे में भी ज्यादा बात नहीं करते लेकिन हाल ही में उन्होंने ट्विटर पर कुत्तों के प्रति अपने लगाव को जगजाहिर कर दिया।
धोनी ने लिखा कि स्टेडियम में सुरक्षा घेरे में 24 कुत्ते थे। इनमें डाबरमैन, जर्मन और बेल्जियम शैफर्ड लाइन से खड़े हुए थे। उन्हें इस तरह देखना शानदार था। उसमें से एक गोल्डन रिट्रीवर तो बेहद ही शानदार था। मैंने उसके जैसा डॉग पहले कभी नहीं देखा है।
धोनी की पत्नी साक्षी भी कुत्तों की शौकीन हैं और उन्होंने हाल ही में आवारा कुत्तों में से दो फीमेल डॉग्स और एक कुत्ता गोद लिया हैं। उन्होंने अपने इस कुत्ते का नाम 'सुल्तान' रखा जबकि अन्य दो फीमेल डॉग्स के लिए ट्विटर के जरिए लोगों से नाम पूछे।