मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में दिल्ली और उसके कप्तान गौतम गंभीर के प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव जारी है लेकिन आज के मैच में लो स्कोरिंग होने के बावजूद टीम ने गेंदबाजों के लाजवाब प्रदर्शन की बदौलत एक और जीत हासिल कर ली। दिल्ली और गोवा के बीच खेले गए मुकाबले में गेंदबाजों का जलवा दिखा। इस जीत से ट्रॉफी के नॉक आउट राउंड्स में भी प्रवेश कर गई है।
गोवा के फिरकी गेंदबाज शादाब जकाती ने 17 रन देकर 5 विकेट लिए तो दिल्ली की ओर से तेज गेंदबाज परविंदर अवाना ने 21 रन देकर 3 विकेट झटके तो अन्य गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी कर गोवा को 92 रन का भी लक्ष्य हासिल करने नहीं दिया।
वडोदरा में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम 19.2 ओवर में महज 91 रन बनाकर आउट हो गई। कप्तान गंभीर 4 समेत टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके। मिलिंद ने सर्वाधिक 19 रन बनाए। जिसके जवाब में गोवा की शुरुआत और भी खराब रही और पहले ओवर में पहला विकेट गंवाने के बाद टीम कभी संभल नहीं सकी।
गोवा की ओर से 9 बल्लेबाज दहाई नहीं कर सके। दिल्ली के गेंदबाजों ने इस कदर अनुशासित गेंदबाजी की कि गोवा की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 89 रन ही बना सकी। एस एस भांडेकर ने नाबाद 31 रन बनाए लेकिन जीत के करीब पहुंच कर भी टीम को जीत नहीं दिला सके और 2 रन से मैच हार गई। (फाइल फोटो)
पुजारा का बल्ला चला पर टीम गई हार
वहीं इसी टूर्नामेंट के एक अन्य मुकाबले में चेतेश्वर पुजारा ने शानदार खेल दिखाया लेकिन उनकी टीम को 7 विकेट से हार का मुंह देखना पड़ गया। कोच्चि में झारखंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सौराष्ट्र की टीम ओपनर पुजारा (नाबाद 54, 5 चौका और 2 छक्का) की शानदार अर्धशतकीय पारी के बावजूद 20 ओवर में 5 विकेट पर 128 रन ही बना सकी।
129 रनों के लक्ष्य के जवाब में झारखंड ने महज 3 विकेट खोकर 3 गेंद शेष रहते ही 132 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
शानदार जीत ने की आगे की राह आसान
नागपुर में मध्यक्रम के बल्लेबाज पारस डोगरा (नाबाद 79 रन, 33 गेंद, 7 चौके और 5 छक्के) की तूफानी पारी की बदौलत हिमाचल प्रदेश ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के एक मुकाबले में तमिलनाडु को 6 विकेट से पराजित कर दिया।
इस जीत से हिमाचल के नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। तमिलनाडु की ओर से रखे गए 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हिमाचल ने 19 गेंद शेष रहते 4 विकेट पर 173 रन बनाए। हिमाचल ने टॉस जीतकर तमिलनाडु को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। तमिलनाडु ने के भारत शंकर (41) और कप्तान आर सतीश के नाबाद 41 रनों की बदौलत 20 ओवरों में छह विकेट पर 168 रन बनाए। जे कौसिक 27 रन पर नाबाद लौटे।
हिमाचल की ओर से अक्षय चौहान, रोनित मोर, बिपुल शर्मा और राहुल शर्मा ने एक-एक विकेट झटके। हिमाचल में अब तक छह मैच खेले हैं जिनमें उसे चार में जीत मिली है जबकि दो मुकाबलों में उसे शिकस्त झेलनी पड़ी है। तमिलनाडु ने अब तक तीन जीत दर्ज किए हैं जबकि इतने ही मुकाबलों में उसे हार नसीब हुई है।