भले ही सन टीवी नेटवर्क ने हैदराबाद फ्रेंचाइजी को खरीद लिया हो लेकिन इस टीम के खिलाड़ियों की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं। इन खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला अब सन टीवी नेटवर्क के फैसले पर टिका है कि प्रबंधन किन खिलाड़ियों को टीम में रखेगा और किसे नहीं। बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने कहा कि वे सभी खिलाड़ी जिनका डेक्कन चार्जर्स के साथ करार था, वे सभी सन नेटवर्क द्वारा टीम में चुने जाने के लिए उपलब्ध हैं।
आईपीएल ने इन सभी खिलाड़ियों का अनुबंध समाप्त कर दिया था। श्रीनिवासन ने कहा, ‘डेक्कन चार्जर्स के सभी खिलाड़ी नई फ्रेंजाइजी द्वारा चुने जाने के लिए उपलब्ध हैं। नई फ्रेंचाइजी के पास इस बात का चुनाव करने का विकल्प है कि वह किन खिलाड़ियों को अपनी टीम में बरकरार रखती है।