फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Analysis: स्पिनर्स ने बदली बैंगलोर टीम की किस्मत, दिल्ली ने अच्छी शुरुआत के बाद 49 रन बनाने में गंवाए 10 विकेट

Sun, 17 Mar 2024 10:43 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

बैंगलोर की जीत की स्क्रिप्ट उनके तीन स्पिनरों ने लिखी। सोफी मोलीन्यूक्स, आशा शोभना और श्रेयांका पाटिल की फिरकी ने दिल्ली को बड़े स्कोर से रोक लिया। इन तीनों ने कुल मिलाकर 10.3 ओवर गेंदबाजी की और 46 रन लुटाए और नौ विकेट झटके।
विज्ञापन
महिला प्रीमियर लीग 2024 फाइनल - फोटो : WPL
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में हराकर महिला प्रीमियर लीग का दूसरा सीजन अपने नाम कर लिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने 114 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे आरसीबी ने दो विकेट गंवाकर 19.3 ओवर में हासिल कर लिया। बैंगलोर की पुरुष टीम आईपीएल में 16 सीजन में कभी खिताब नहीं जीत सकी थी, लेकिन महिला टीम ने दूसरे सीजन में ही इतिहास रच दिया है।
विज्ञापन


स्मृति मंधाना के नेतृत्व में टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की और इतिहास रच दिया। जो काम आरसीबी की पुरुष टीम नहीं कर सकी, वो महिला टीम ने कर दिखाया है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स को लगातार दूसरे साल फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। पिछले साल मुंबई इंडियंस ने दिल्ली को खिताबी मुकाबले में सात विकेट से शिकस्त दी थी। मेग लैनिंग की कप्तानी में दिल्ली की टीम ने लगातार दोनों साल पहले बल्लेबाजी की और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसे संयोग कह सकते हैं।

शेफाली और मोलीन्यूक्स - फोटो : WPL
स्पिनर्स ने लिखी बैंगलोर की जीत की कहानी
बैंगलोर की जीत की स्क्रिप्ट उनकी तीन स्पिनरों ने लिखी। सोफी मोलीन्यूक्स, आशा शोभना और श्रेयांका पाटिल की फिरकी ने दिल्ली को बड़े स्कोर से रोक लिया। इन तीनों ने कुल मिलाकर 10.3 ओवर गेंदबाजी की और 46 रन लुटाए और नौ विकेट झटके। इसके अलावा राधा यादव रन आउट हुईं। उन्हें भी मोलीन्यूक्स ने डायरेक्ट थ्रो पर पवेलियन भेजा। शेफाली वर्मा और कप्तान मेग लैनिंग ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई थी। दोनों ने 42 गेंद में ही 64 रन की साझेदारी कर ली थी।

मोलीन्यूक्स ने एक ओवर में तीन विकेट लिए
ऐसा लग रहा था कि दिल्ली की टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है। तभी सोफी मोलीन्यूक्स की फिरकी का जादू चला। उन्होंने आठवें ओवर में पहली ही गेंद पर शेफाली को कैच आउट कराया। फिर तीसरी और चौथी गेंद पर इन फॉर्म बैटर जेमिमा रॉड्रिग्स और एलिस कैप्सी को क्लीन बोल्ड किया। दोनों खाता भी नहीं खोल सकीं। इसके बाद श्रेयांका ने कप्तान मेग लैनिंग को एल्बीडब्ल्यू कर पवेलियन भेजा। वह 23 रन बना सकीं। आशा शोभना ने 14वें ओवर में अनुभवी मरिजाने कैप और जेस जोनासेन को आउट कर दिल्ली को बैकफुट पर धकेल दिया।

शेफाली वर्मा और मेग लैनिंग - फोटो : WPL/BCCI
49 रन बनाने में सभी 10 विकेट गंवा दिए
64 पर दिल्ली को पहला झटका लगा था और 81 रन आते-आते टीम ने छह विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तो श्रेयांका पाटिल ने कहर बरपाया। उन्होंने मिन्नू मणि, अरुंधति और तानिया भाटिया को आउट कर दिल्ली की पारी को 113 रन पर समेट दिया। दिल्ली ने आखिरी 49 रन बनाने में सभी 10 विकेट गंवाए। श्रेयांका ने चार विकेट लिए, जबकि मोलीन्यूक्स को तीन विकेट मिले। दो विकेट आशा को मिले। 

पिच से स्पिनरों को मिल रही थी मदद
बैंगलोर की टीम जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो लक्ष्य काफी कम था। वहीं, जिस फॉर्म में स्मृति मंधाना, एलिस पेरी और ऋचा घोष हैं, उसे देखकर यह लक्ष्य बेहद कम लग रहा था। दोनों पारियों के बीच गैप में श्रेयांका ने कहा कि विकेट में स्पिन है। जब गेंद टर्न होती है तो मैं ज्यादा खतरनाक हो जाती हूं। ऐसा ही हुआ भी।

मैच के दौरान आरसीबी की टीम - फोटो : WPL
RCB टीम मैनेजमेंट का मास्टरस्ट्रोक
जब बैंगलोर की टीम बल्लेबाजी के लिए आई तो उन्होंने इस सीजन में पहली बार अपनी रणनीति में बदलाव किया। इससे पहले स्मृति मंधाना के साथ सोफी मोलीन्यूक्स ओपनिंग के लिए आ रही थीं, लेकिन उन्हें ज्यादा कामयाबी नहीं मिली थी। फाइनल के लिए टीम मैनेजमेंट ने अहम बदलाव करते हुए मंधाना के साथ सोफी डिवाइन को बैटिंग के लिए भेजा। यह कदम बैंगलोर के लिए मास्टर स्ट्रोक साबित हुआ। दोनों ने 49 रन की साझेदारी की। डिवाइन ने तो राधा यादव के सातवें ओवर में 18 रन बटोरे और मोमेंटम बदल दिया।

ऋचा और पेरी ने जीत दिलाई
नौवें ओवर में शिखा पांडे ने डिवाइन को पवेलियन भेजा। वह 27 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुईं और बैंगलोर को जरूरी शुरआत दे गईं। इसके बाद मंधाना और पेरी ने 33 रन की साझेदारी की। मंधाना ने स्थिति को देखते हुए 39 गेंद में 31 रन की पारी खेली। हालांकि, इसके बाद ऋचा घोष ने एलिस पेरी के साथ 33 रन की नाबाद साझेदारी की और बैंगलोर को चैंपियन बनाया। इस जोड़ी ने पिछले कुछ मैचों में टीम को लगातार जीत दिलाई है।
विज्ञापन

एलिस पेरी और ऋचा घोष - फोटो : WPL
पिछले सीजन चौथे स्थान पर रही थी टीम
पिछले सीजन बैंगलोर की टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर रही थी और प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। इस साल टीम ने मुंबई को हराकर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया। फिर उन्हें एलिमिनेटर में भी हराया। इसके बाद अब फाइनल जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया है। बैंगलोर ने इस सीजन लीग स्टेज में आठ में से चार मैच जीते थे और उन्हें चार में हार मिली थी। आठ अंक के साथ आरसीबी की टीम तीसरे स्थान पर रही थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें