फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs MI: दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया आईपीएल का अपना सबसे बड़ा स्कोर, मुंबई के खिलाफ बनाए कई रिकॉर्ड

Sat, 27 Apr 2024 06:25 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दिल्ली ने सलामी बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क की शानदार अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 257 रन बनाए। दिल्ली की टीम का यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा टोटल है।
विज्ञापन
दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऋषभ पंत की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स ने अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल इतिहास का अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। दिल्ली ने सलामी बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क की शानदार अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 257 रन बनाए। दिल्ली की टीम का यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा टोटल है। इससे पहले दिल्ली ने आईपीएल में कभी 250+ का आंकड़ा पार नहीं किया था। 
विज्ञापन

दिल्ली ने 12 साल पहले के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा
दिल्ली ने मुंबई के खिलाफ अपने इतिहास का ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। दिल्ली के लिए मैकगर्क के अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने 25 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 48 रन और शाई होप के 17 गेंदों पर पांच छक्कों की मदद से 41 रन का योगदान दिया। दिल्ली ने इस तरह 12 साल पहले के अपने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। दिल्ली ने इससे पहले पंजाब के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर 2011 में चार विकेट पर 231 रन बनाए थे जो उसका आईपीएल में सर्वोच्च स्कोर था। टीम ने 2020 में शारजाह में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ खेले गए मैच में चार विकेट पर 228 रन बनाए थ, जबकि उसने इस सीजन गुजरात टाइटंस के विरुद्ध चार विकेट पर 224 रन का स्कोर खड़ा किया था।

महंगे साबित हुए तेज गेंदबाज 
दिल्ली की पारी की खास बात यह रही है कि उसके बल्लेबाजों ने स्पिन गेंदबाजों की तुलना में तेज गेंदबाजों को निशाने पर लिया। मुंबई के तेज गेंदबाज इस मैच में काफी महंगे साबित हुए और इन्होंने 14 ओवर कुल फेंके और 14.29 की इकॉनोमी रेट से 200 रन दिए और दो विकेट अपने नाम किए। दूसरी ओर, मुंबई के स्पिनरों ने छह ओवर में 56 रन देकर दो विकेट चटके और इस दौरान उनकी इकॉनोमी 9.33 रही।

मौजूदा सीजन में पंत और स्टब्स के बीच तीसरी अर्धशतकीय साझेदारी
आईपीएल 2024 से क्रिकेट के मैदान पर वापसी करने वाले पंत और स्टब्स के बीच इस मैच में भी अर्धशतकीय साझेदारी हुई। दोनों बल्लेबाजों ने 27 गेंदों पर 55 रन की साझेदारी की। मौजूदा आईपीएल सीजन में यह तीसरी बार था जब इन दोनों बल्लेबाजों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। इससे पहले पंत और स्टब्स ने केकेआर के खिलाफ 47 गेंदों पर 93 रन और गुजरात टाइटंस के खिलाफ 18 गेंदों पर नाबाद 67 रनों की साझेदारी की थी।

लुक ने डाला आईपीएल का पांचवां सबसे महंगा स्पैल
मुंबई के गेंदबाज लुक वुड के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। लुक आईपीएल इतिहास में पांचवां सबसे महंगा स्पैल डालने वाले गेंदबाज बन गए हैं। लुक ने दिल्ली के खिलाफ इस मैच में चार ओवर में 68 रन देकर एक विकेट लिया जो आईपीएल इतिहास का पांचवां सबसे महंगा ओवर है। आईपीएल में सबसे ज्यादा महंगा स्पैल करने का रिकॉर्ड मोहित शर्मा के नाम है जिन्होंने दिल्ली के खिलाफ इस सीजन 73 रन दिए थे और एक भी विकेट नहीं ले सके थे। 

आईपीएल इतिहास का महंगा स्पैल
रन गेंदबाज बनाम वर्ष
0/73 मोहित शर्मा दिल्ली 2024
0/70 बासिल थंपी आरसीबी 2018
0/69 यश दयाल केकेआर 2023
1/68 रीस टॉप्ले हैदराबाद 2024
1/68 लुक वुड दिल्ली 2024 

दिल्ली ने बनाया आईपीएल में पावरप्ले का पांचवां सर्वाधिक टोटल
मैकगर्क और पोरेल की तूफानी पारी की मदद से दिल्ली ने आईपीएल में पावरप्ले का पांचवां सर्वाधिक टोटल स्कोर बनाया। दिल्ली ने मुंबई के खिलाफ इस मैच में पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 92 रन बनाए और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को पीछे छोड़ा जिन्होंने मुंबई के खिलाफ 2015 में बिना किसी नुकसान के 90 रन बनाए। आईपीएल में पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के नाम है जिन्होंने इस सीजन में ही दिल्ली के खिलाफ पहले छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 125 रन जड़ दिए थे।
विज्ञापन

आईपीएल में पावरप्ले में सर्वाधिक स्कोर
रन टीम बनाम वर्ष
125/0 हैदराबाद दिल्ली 2024
105/0 केकेआर आरसीबी 2017
100/2 सीएसके पंजाब 2014
93/1 पंजाब केकेआर 2024
92/0 दिल्ली मुंबई 2024
90/0 सीएसके मुंबई 2015
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें