आईपीएल 2022 में दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत की कप्तानी पर भले ही कई दिग्गजों ने सवाल खड़े किए हों, लेकिन टीम के कोच रिकी पोंटिंग पंत के साथ हैं। उन्होंने कहा है कि वो पंत के हर फैसले का सम्मान करते हैं। इसके साथ ही पोंटिंग ने पंत पर सवाल खड़े करने वाले लोगों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि बाहर बैठकर बातें करना आसान है, लेकिन मैदान में जाकर फैसले लेना मुश्किल है। पंत की कप्तानी में दिल्ली ने इस सीजन 11 मैच खेले हैं और पांच मैच में जीत हासिल की है, जबकि छह में दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा है।
रविवार को चेन्नई के खिलाफ दिल्ली की टीम 91 रन के बड़े अंतर से हार गई। इसके साथ ही कई दिग्गजों ने पंत की कप्तानी पर सवाल खड़े किए। पंत के टीम चयन और गेंदबाजी में किए गए बदलाव पर भी सवाल किए गए। सहवाग ने अहम ओवरों में गेंदबाजों के चयन पर सवाल उठाए। इस पर पोंटिंग ने कहा कि वो मैदान में लिए गए पंत के हर फैसले के साथ हैं।