ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 14वां सीजन कई मायनों में निराशाजनक रहा। सीजन के दूसरे चरण में उन्हें शुरुआती मुकाबले में बल्ले से संघर्ष करना पड़ा और इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेइंग XI से बाहर कर दिया। यही नहीं हैदराबाद की फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें कप्तानी से हटाने के साथ ही टीम से भी बाहर कर दिया और फिर मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन भी नहीं किया।
वॉर्नर ने परोक्ष रूप से नहीं लेकिन इस पूरी घटना पर अपनी नाराजगी जताई और अपनी फॉर्म को लेकर भी आलोचकों को करारा जवाब दिया। उन्होंने यूएई में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप में खुद को साबित किया और ऑस्ट्रेलिया को विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट भी बने।
वॉर्नर ने इस पूरे मामले पर एक बार फिर से अपना पक्ष रखा और खुलकर बात की है। उन्होंने बैकस्टेज विद बोरिया शो के एक इंटरव्यू में कहा, 'यदि आप एक कप्तान को निकालने जा रहे हैं और उसके द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद उसे टीम में नहीं चुनते हैं, तो इससे टीम के युवा खिलाड़ियों को क्या संदेश जाता है? इससे बाकी समूह को क्या संदेश जाता है?'
सनराइजर्स हैदराबाद को अपनी कप्तानी में 2016 में आईपीएल का खिताब दिलाने वाले वॉर्नर ने कहा, ''मुझे सबसे ज्यादा दुख इस बात का है कि दूसरे लोग अब सोच रहे हैं, 'ओह, मेरे साथ भी ऐसा हो सकता है'। जो कुछ होना था हो चुका है। लेकिन के अंत में, जो कुछ भी हुआ उसे स्वीकार करिये, अगर आप चर्चा करना चाहते हैं तो कीजिए। यह मुश्किल नहीं है। उनसे भागिए नहीं। मैं काटने वाला नहीं हूँ। मैं यहां बैठने जा रहा हूं और स्वीकार करूंगा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि आप मुझे टीम में नहीं चुन रहे हैं।"
वॉर्नर ने यह भी कहा कि एसआरएच से बाहर होने से टीम के युवा फैंस को निराश किया होगा। इसपर खुलकर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं जहां खेलता हूं उससे पूरे उत्साह के साथ जुड़ता हूं। मैं प्रशंसकों के साथ किसी भी तरह से जुड़ूंगा क्योंकि मुझे पता है कि प्रशंसक कितने महत्वपूर्ण हैं। खेल के मैदान में वे बच्चे सचिन (तेंदुलकर), विराट (कोहली), मैं, केन विलियमसन, स्टीव स्मिथ बनना चाहते हैं। आप उन खिलाड़ियों का नाम लीजिए, वे हमारे जैसा बनना चाहते हैं। अब हमें उनसे जुड़ना होगा। अगर वे ऐसा कुछ देखते हैं, तो इससे उन्हें दुख होता है और यही है जो मुझे सबसे ज्यादा दुख देता है।'