इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीकी की टीम का एलान हो गया है। इस टीम में तकरीबन एक साल के बाद दिग्गज गेंदबाज 'स्टेनगन' डेल स्टेन की वापसी हुई है।
वहीं, टीम की कमान क्विंटन डिकॉक को सौंपी गई है। नियमित कप्तान फाफ डुप्लेसिस अभी भी टीम से बाहर हैं। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच 12 फरवरी तीन मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत होगी। पहला मुकाबला ईस्ट लंदन में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा और तीसरा मुकाबला क्रमशः 14 और 16 फरवरी को खेला जाएगा।
दक्षिण अफ्रीकी दौर पर इंग्लैंड टीम ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज की, जबकि तीन मैचों की वन-डे सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने मेहमान टीम को पहले वन-डे में सात विकेट से शिकस्त दी। वहीं, दोनों टीमों के बीच दूसरा वन-डे का बारिश की वजह से कोई नतीजा नहीं निकला, जबकि तीसरा और निर्णायक मुकाबला नौ फरवरी को खेला जाएगा।
बता दें कि स्टेन ने अपना आखिरी टी-20 श्रीलंका के खिलाफ साल 2019 में खेला था। तब से वह टी-20 टीम से बाहर हैं।