पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की शुरुआत खराब रही। 19 पर टीम को पहला झटका लगा। ऋतुराज गायकवाड़ 16 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोईन अली भी कुछ खास नहीं कर सके और तीन रन बनाकर रन आउट हुए। उन्हें सुयश प्रभुदेसाई ने रन आउट किया।
शुरुआती 10 ओवर तक चेन्नई ने दो विकेट गंवाकर 60 रन बनाए थे। तब टीम छह के रन रेट से रन बना रही थी। इसके बाद रॉबिन उथप्पा और शिवम दुबे की तूफानी पारी देखने को मिली। दोनों ने मैच का रुख ही बदल दिया। आखिरी 10 ओवर में (11-20) चेन्नई ने 156 रन जोड़े।
अर्धशतक लगाने के बाद रॉबिन उथप्पा
आखिरी पांच ओवर (16-20) में चेन्नई ने दो विकेट गंवाकर 83 रन बनाए। उथप्पा और शिवम के बीच 74 गेंदों पर 165 रन की साझेदारी हुई। यह इस सीजन किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले बैंगलोर के डुप्लेसिस और कोहली ने 118 रन की साझेदारी की थी।
IPL 2022, CSK vs RCB: चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ काली पट्टी बांधकर क्यों उतरे आरसीबी के खिलाड़ी? जानें कारण
11वें ओवर से मोमेंटम शिफ्ट हुआ। इसके बाद उथप्पा और शिवम दुबे ने आईपीएल करियर की बेस्ट पारी खेल डाली। उथप्पा ने 50 गेंदों पर 88 रन की पारी खेली। वे 19वें ओवर में हसरंगा की गेंद पर कैच आउट हुए। यह उनके आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के खिलाफ 2017 में 87 रन की पारी खेली थी।
इसके बाद रवींद्र जडेजा शून्य पर आउट हुए। आखिरी ओवर में चेन्नई ने 15 रन बनाए। शिवम दुबे शतक से चूक गए। वह 46 गेंदों पर 95 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और आठ छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 206.52 का रहा। यह शिवम के आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है।
शतक से चूकने के बाद शिवम दुबे का रिएक्शन
95* रन आईपीएल में चेन्नई की ओर से बैंगलोर के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर भी है। शिवम ने इस मामले में मुरली विजय के रिकॉर्ड की बराबरी की। विजय ने 2011 आईपीएल फाइनल में 95 रन बनाए थे। उथप्पा ओपनिंग करने उतरे थे और 19वें ओवर तक मैदान पर रहे। बैंगलोर की ओर से हसरंगा ने दो विकेट झटके। वहीं, हेजलवुड को एक विकेट मिला।
217 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की शुरुआत खराब रही। 50 रन तक टीम ने चार विकेट गंवा दिए थे। कप्तान फाफ डुप्लेसिस आठ रन, अनुज रावत 12 रन, विराट कोहली एक रन और ग्लेन मैक्सवेल 11 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए। मैक्सवेल ने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद शाहबाज अहमद और सुयश प्रभुदेसाई ने पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी निभाई।
सुयश को महेश तीक्षणा ने क्लीन बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। सुयश 18 गेंदों पर 34 रन बना सके। इसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल है। इसके बाद शाहबाज को भी तीक्षणा ने बोल्ड किया। शाहबाज 27 गेंदों पर चार चौके की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए। वनिंदु हसरंगा तीन गेंदों पर सात रन बना सके। आकाश दीप का खाता भी नहीं खुला। इन दोनों को जडेजा ने पवेलियन भेजा।
मुकेश चौधरी (बीच में) ने विराट कोहली को पवेलियन भेजा
महेश तीक्षणा ने चार विकेट झटके। उन्होंने डुप्लेसिस, अनुज रावत, शाहबाज और सुयश को पवेलियन भेजा।
कार्तिक का कैच जडेजा ने लपका
- फोटो : IPL/BCCI
दिनेश कार्तिक ने आखिरी में कुछ आक्रामक शॉट्स जरूर लगाए, पर तब तक काफी देर हो चुकी थी। कार्तिक को 18वें ओवर में ब्रावो ने पवेलियन भेजा। उनके आउट होते ही बैंगलोर की जीत की उम्मीद भी खत्म हो गई। कार्तिक 14 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्की की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। आखिर में मोहम्मद सिराज 14 रन और जोश हेजलवुड सात रन बनाकर नाबाद रहे। महेश तीक्षणा ने चार और रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट झटके। वहीं, मुकेश चौधरी और ब्रावो को एक-एक विकेट मिला।
विकेट मिलने के बाद जडेजा का रिएक्शन