चेन्नई के ओपनिंग बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे पिछली तीन मैचों से शानदार लय में दिख रहे हैं। उन्होंने लगातार अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। तीन मैचों में लगातार तीन अर्धशतक लगाने वाले कॉन्वे ने अपनी सफलता का श्रेय महेंद्र सिंह धोनी को दिया है। उन्होंने बताया है कि धोनी की बात मानकर वो स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बड़े छक्के लगा रहे हैं और अपनी टीम के लिए मैच जिताऊ पारियां खेल रहे हैं। पहली बार आईपीएल का हिस्सा बने कॉन्वे को सीजन की शुरुआत में ज्यादा मौके नहीं मिले थे, लेकिन धोनी ने कप्तान बनने के बाद उनसे पारी की शुरुआत कराई और यह प्रयोग सफल रहा।
दिल्ली के खिलाफ 49 गेंद में 87 रन बनाने वाले कॉन्वे ने बताया कि धोनी ने उनसे कहा था कि स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ आगे बढ़कर सीधे बल्ले से शॉट खेलें। उन्होंने ऐसा ही किया और अब आईपीएल में लगातार तीन अर्धशतक लगा चुके हैं।