इस लीग में फ्रेंचाइजी की नीलामी बुधवार 13 जुलाई को बंद हो गई और माना जा रहा है कि आईपीएल की टीमों ने इस लीग में जमकर निवेश किया है। स्पोर्ट्स वेबसाइट के अनुसार, मुंबई इंडियंस के अंबानी परिवार, चेन्नई सुपर किंग्स के एन. श्रीनिवासन, दिल्ली कैपिटल के पार्थ जिंदल, सनराइजर्स हैदराबाद के मारन परिवार, लखनऊ सुपर जायंट्स के संजीव गोयनका और राजस्थान रॉयल्स के मनोज बडाले ने इस लीग में छह फ्रेंचाइजी खरीदी हैं। यह लीग अगले साल की शुरुआत में होने वाली है।
हालांकि दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड यह कहता रहा है कि फ्रेंचाइजी के चयन की घोषणा महीने के अंत में ही की जाएगी, वेबसाइट ने पुष्टि की कि आईपीएल टीम के मालिकों को सूचित कर दिया गया है कि बोली में उन्हें फ्रेंचाइजी मिल चुकी है। साथ ही उनसे शहरों के बारे में उनकी पसंद के बारे में पूछा गया है।
जनवरी के महीने में इस टी20 लीग का आयोजन होगा और इसी दौरान संयुक्त अरब अमीरात में एक और लीग का आयोजन होगा। माना जा रहा है कि कप्तान जोस बटलर और ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन सहित इंग्लैंड के मुख्य टी 20 खिलाड़ी सीएसए लीग में खेलने के इच्छुक हैं। मोईन अली यूएई लीग में खेलने के लिए तैयार हो गए हैं। फाफ डु प्लेसिस दक्षिण अफ्रीका में रहेंगे। ड्वेन ब्रावो भी यहां चेन्नई फ्रेंचाइजी की टीम के लिए खेल सकते हैं।
सीएसए टी20 लीग में आईपीएल की किस टीम को कौन सा शहर मिला
- मुंबई इंडियंस- केप टाउन
- चेन्नई सुपर किंग्स- जोहान्सबर्ग
- दिल्ली कैपिटल्स- सेंचुरियन
- लखनऊ सुपर जायंट्स- डरबन
- सनराइजर्स हैदराबाद- पोर्ट एलिजाबेथ
- राजस्थान रॉयल्स- पार्ल