ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिल ह्यूज की मौत के दो दिन बाद एक और हादसा हुआ है। खबरें हैं कि इसराइल के शहर एसडोड में एक क्रिकेट मैच के दौरान गेंद लगने से एक भारतीय मूल के अंपायर की मौत हो गई है।
चश्मदीदों का कहना है कि एक तेज रफ्तार गेंद पहले विकेट से टकराई और फिर अंपायर को जाकर लगी।
ये घटना ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिलिप ह्यूज की मौत के दो दिन बाद हुई। सिडनी में हुए एक मैच के दौरान ह्यूज के सिर में गेंद लगी थी।
क्रिकेट मैच में खिलाडियों की तरह अंपायर हेलमेट नहीं पहनते, लेकिन अंपायर को इस तरह कभी कभार ही चोट लगती है। पांच साल पहले वेल्स में फील्डर की फेंकी गेंद लगने से एक अंपायर की मौत हो गई थी।
समाचार एजेंसी एएफपी ने इसराइली क्रिकेट संघ के हवाले से बताया है कि 55 वर्षीय अंपायर हिलेल ऑस्कर की मौत शनिवार को एक मैच के दौरान लगी गेंद से हुई।
भारतीय मूल के 55 वर्षीय ऑस्कर तटीय शहर एशदोद में आयोजित एक स्थानीय मैच में अंपायरिंग कर रहे थे। ऑस्कर इससे पहले इसराइल की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। हालांकि उनकी मौत किस तरह हुई, इसे लेकर विरोधाभासी खबरें सामने आ रही हैं।
इसराइली क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ नाओर गुडकर ने कहा, "ऑस्कर की मौत से क्रिकेट
परिवार काफी दुखी है। यह उनके परिवार और इस्राइल क्रिकेट के लिए एक बड़ी
दुखद घटना है।" कुछ रिपोर्टों के अनुसार गेंद उनकी चेहरे पर लगी जबकि कुछ का कहना है कि गेंद उनकी छाती में लगी जिसके बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
स्थानीय लीग में नाबाद 244 रन का रिकॉर्ड राष्ट्रीय
टीम के पूर्व कप्तान ऑस्कर ने 1982 से पांच आईसीसी प्रतियोगिताओं में
इस्राइल का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने इसराइल की ओर से अपना अंतिम मैच
2006 में यूरोपीय चैंपियनशिप के डिवीजन दो में खेला। बाएं हाथ के स्पिनर और
शीर्ष क्रम के आक्रामक बल्लेबाज ऑस्कर ने स्थानीय लीग में रिकॉर्ड नाबाद
244 रन का स्कोर बनाया था। ऑस्कर के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां
हैं।