ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ी फिलहाल भारत में हो रहे आईपीएल 2024 में अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट के बाद अमेरिका और वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप का आयोजन होना है। उससे पहले ही ऑस्ट्रेलिया ने 2024-25 के लिए केंद्रीय अनुबंध की सूची जारी की। इस लिस्ट में हालांकि अनुभवी ओपनर डेविड वॉर्नर, ऑलराउंडर एश्टन एगर और मार्कस स्टोइनिस जैसे खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है। इसके अलावा 23 खिलाड़ियों की सूची में मार्कस हैरिस और तेज गेंदबाज माइकल नेसर को भी जगह नहीं मिली है।
टी20 से भी संन्यास ले सकते हैं वॉर्नर
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज वॉर्नर ने वनडे और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और आशा की जा रही है कि यह विस्फोटक बल्लेबाज टी20 विश्व कप के बाद खेल के सबसे छोटे प्रारूप को भी अलविदा कह देगा। वॉर्नर फिलहाल आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वॉर्नर को अनुबंध से बाहर करना उम्मीद के मुताबिक ही है। हालांकि स्टोइनिस को बाहर करना क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का हैरान करने वाला फैसला है। स्टोइनिस भी आईपीएल में हिस्सा ले रहे हैं और लखनऊ सुपरजाएंट्स के लिए खेलते हैं। माना जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया के न्यूजीलैंड दौरे पर चोट के कारण नहीं जाने के बावजूद टी20 विश्व कप के लिए टीम की रणनीति का हिस्सा हैं।
जेवियर, नाथन एलिस पहली बार अनुबंध में शामिल
तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट और नाथन एलिस उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें पहली बार अनुबंध में शामिल किया गया है। बार्टलेट और एलिस के अलावा बल्लेबाज मैट शॉर्ट और ऑलराउंडर आरोन हार्डी भी इस साल केंद्रीय अनुबंध में शामिल होने वाले नए चेहरों में शामिल हैं। ये चारों खिलाड़ी पहले ही इंटरनेशल क्रिकेट में डेब्यू कर चुके हैं। शॉर्ट और हार्डी ने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज से डेब्यू किया था, जबकि एलिस दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में खेले थे।
मैट, आरोन और जेवियर से चयनकर्ता हुए प्रभावित
ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय चयनकर्ता प्रमुख जॉर्ज बेली ने कहा, मैट, आरोन और जेवियर ने उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के शुरुआती दिनों में काफी प्रभावित किया है। उनका प्रदर्शन और इन तीन खिलाड़ियों ने जिस तरह अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की है वो शानदार है। पैनल का मानना है कि इन खिलाड़ियों का भविष्य अच्छा है और ये अनुबंध में शामिल होने के काबिल हैं।
ऑस्ट्रेलिया के 2024-25 के लिए अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची
सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, आरोन हार्डी, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिचेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, लैंस मोरिस, टॉड मर्फी, झाई रिचर्डसन, मैट शॉट, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क और एडम जांपा।