एशेज सीरीज में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और अब यह टेस्ट सीरीज रद्द होने का खतरा बढ़ता जा रहा है। सिडनी टेस्ट शुरू होने से पहले मैच रेफरी डेविड बून भी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। उनकी जगह स्टीव बरनार्ड को सिडनी टेस्ट में मैच रेफरी की जिम्मेदारी दी गई है। एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मैच सिडनी में पांच जनवरी से शुरू होगा। इससे पहले इंग्लैंड के समूह में पांच सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसमें टीम के कोच क्रिस सिल्वरवुड के परिवार का एक सदस्य भी शामिल था। सिल्वरवुड उनके साथ करीबी संपर्क में थे और वो भी सिडनी टेस्ट में टीम के साथ नहीं होंगे।
इंग्लैंड के समूह के जो सात लोगो कोरोना संक्रमित हुए हैं। उनमें तीन सदस्य टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा हैं, जबकि चार उनके परिवार के सदस्य हैं। सोमवार को इन सभी का कोरोना टेस्ट हुआ था और बुधवार को इनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस मामले पर कहा "कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड अपने परिवार के साथ 10 दिनों तक मेलबर्न में आइसोलेट रहेंगे। वो पांच जनवरी से सिडनी में शुरू हो रहे चौथे टेस्ट में टीम के साथ नहीं रहेंगे।" इसके साथ ही इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों टीमें शुक्रवार सुबह चार्टड प्लेन के जरिए मेलबर्न से सिडनी जाएंगी।
सीरीज में 3-0 से आगे है ऑस्ट्रेलिया
पांच मैचों की एशेज सीरीज के शुरुआती तीन टेस्ट जीतकर ऑस्ट्रेलिया की टीम ने यह सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है। इस सीरीज में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने बहुत ही निराशाजनक प्रदर्शन किया है। कप्तान जो रूट और डेविड मलान के अलावा कोई भी दूसरा बल्लेबाज इस सीरीज में रन नहीं बना पाया है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए ओपनर डेविड वार्नर से लेकर लाबुशेन तक हर खिलाड़ी ने रन बनाए हैं और गेंदबाजों ने भी कमाल का प्रदर्शन किया है।
इंग्लैंड के बल्लेबाजों का लचर प्रदर्शन
इंग्लैंड के बल्लेबाज 2021 में 54 बार खाता नहीं खोल सके। यह वाकया टेस्ट इतिहास के 144 साल में दूसरी बार हुआ है। इससे पहले 1998 में उसके बल्लेबाज 54 बार ही शून्य पर पवेलियन लौटे थे। वहीं इंग्लैंड के लिए इस साल सबसे ज्यादा रन कप्तान जो रूट ने बनाए हैं। उनके अलावा डेविड मलान हैं और अतिरिक्त रनों का योगदान तीसरे नंबर पर हैं। इसका मतलब है कि इंग्लैंड के बाकी नौ खिलाड़ी जितने रन बनाते हैं, उससे ज्यादा रन तो विपक्षी गेंदबाज नो बॉल, वाइड और लेग बाई के जरिए दे देते हैं।