लगभग हर साल आईपीएल में होते रहे हैं विवाद
क्रिकेट की सबसे लोकप्रिय लीग आईपीएल हर बार की तरह इस बार भी विवादों से अपना नाता नहीं तोड़ सकी। सबसे ताजा विवाद तो सूखे के संकट के कारण महाराष्ट्र से आईपीएल के मैच बाहर कराने का आदेश है।
क्रिकेट की सबसे लोकप्रिय लीग आईपीएल हर बार की तरह इस बार भी विवादों से अपना नाता नहीं तोड़ सकी है। सबसे ताजा विवाद तो सूखे के संकट के कारण महाराष्ट्र से आईपीएल के मैच को कहीं और कराने का आदेश है। बांबे हाईकोर्ट ने एक सख्त फैसले में मई में महाराष्ट्र में होने वाले लीग के शेष 13 मैचों के आयोजन पर रोक लगा दी है।
2008 से शुरू हुआ आईपीएल का विवादों का पुराना नाता है। इस टूर्नामेंट के हो चुके पिछले 8 संस्करणों में भी हर बार कुछ न कुछ ऐसा होता रहा है जो इसकी छवि को गिराती ही है। 2015 में आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग के कारण खूब चर्चा में रहा और सुप्रीम कोर्ट ने भष्ट्राचार में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स पर 2 साल के लिए बैन लगा दिया। फिर इनकी जगह दो नई टीमें आई पुणे सुपरजाइंटस और गुजरात लायंस।
2014 में देश में आम चुनाव के कारण आईपीएल-7 के पहले हिस्से को भारत से दूर यूएई में मैच कराना पड़ा और सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में भी दखल दिया और कहा कि यह टूर्नामेंट सुनील गावस्कर की निगरानी में होंगे। इस बार भी टूर्नामेंट के फाइनल मैच को मुंबई से हटाकर बंगलुरू शिफ्ट कराना पड़ा था।
2013 में आईपीएल में पहली बार स्पॉट फिक्सिंग का मामला सामने आया जब दिल्ली पुलिस ने राजस्थान रॉयल्स के 3 क्रिकेटरों एस श्रीसंत, अजित चंडीला और अंकित चौहान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद से मामला ऊपर तक गया जिसमें राजस्थान रॉयल्स के सहमालिक राज कुंद्रा और चेन्नई सुपर किंग्स के टीम प्रिंसिपल गुरुनाथ मयप्पन जो बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन को दामाद हैं पर गंभीर आरोप भी लगे।
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विवाद तो 2012 में हुआ
आउट होकर जा रहे कोहली पर गंभीर ने कसा था तंज
2012 में तो खूब विवाद हुए। स्टिंग ऑपरेशन में पकड़े गए मोहनिश मिश्रा, शलभ श्रीवास्तव, अमित यादव और अभिनव बाली को जानबूझकर नोबॉल डालने के कारण प्रतिबंध लगा दिया गया। इसी बार दो अलग-अलग टीमों के लिए खेलने वाले विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच मैदान पर खूब लड़ाई भी हुई। मुंबई के वानखेड़े में मैच के बाद एक सुरक्षाकर्मी से भिड़ने के बाद शाहरुख खान पर स्टेडियम में मैच देखने पर बैन लगा दिया गया।
2011 में कोई खास विवाद नही हुआ लेकिन 2010 में आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल ने लीग में 2 और टीम (सहारा पुणे वॉरियर्स और कोच्चि टस्कर्स) को शामिल कराने का ऐलान किया। लेकिन इस बीच आईपीएल के चेयरमैन ललित मोदी ने एक ट्विट कर दिया कि कोच्चि की टीम में तत्कालीन मंत्री शशि थरूर की पत्नि सुंनदा पुष्कर के भी शेयर हैं। विवाद बढ़ने पर शशि को इस्तीफा देना पड़ा और वहीं ललित मोदी के लिए इस लीग से दूर होने का रास्ता तय हो गया।
2009 में तत्कालीन गृह मंत्री पी चिदंबरम ने देश में आमचुनाव के कारण आईपीएल के आयोजकों को पूरी सुरक्षा देने से मना कर दिया। इसके बाद लीग का दूसरा संस्करण भारत के बजाए दक्षिण अफ्रीका में खेला गया।
शुरुआती आईपीएल में तो हरभजन ने श्रीसंत पर थप्पड़ जड़ा था
2008 के आईपीएल में हरभजन ने श्रीसंत पर जड़ा था थप्पड़
2008 में 20-20 ओवरों के महामुकाबले आईपीएल का रंगारंग आगाज हुआ था और उस समय यह लीग सभी की जुबान पर बोल रही थी। पहली बार भारत में बेहद महंगी लीग की शुरुआत हुई थी। दर्शकों के उत्साह के बीच मोहाली में एक मैच के दौरान मुंबई के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने पंजाब के गेंदबाज एस श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद हरभजन पर पूरे लीग के लिए बैन लगा दिया गया था।