महिला टी20 क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक मैच खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने टीम में ताहिला मैक्गा को भी टीम में शामिल किया। ताहिला मैच से पहले कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। इसके बावजूद उन्हें खेलने की छूट दे दी गई। आयोजकों के इस फैसले ने दोनों टीमों की कई खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को खतरे में डाल दिया। हालांकि, ताहिला इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाईं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 9 रन से जीत लिया।
ताहिला कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई थी। उनमें कोरोना के हल्के लक्षण पाए गए थे। इसके बावजूद उन्हें खेलने का मौका दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, टीम और मैच अधिकारियों के परामर्श के बाद उन्हें स्वर्ण पदक मैच में भाग लेने की अनुमति दी गई। मैक्ग्रा को मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में सबसे अलग बैठे देखा गया। वह मास्क लगाकर बैठई थीं, लेकिन बल्लेबाजी के दौरान वह बिना मास्क के दिखीं। इस दौरान साथी खिलाड़ी से बात भी करती नजर आईं। मैक्ग्रा ने मैच में बल्लेबाजी भी की। वह चार गेंद पर दो रन बनाकर आउट हो गईं। दीप्ति शर्मा की गेंद पर राधा यादव ने शानदार डाइव लगाकर उनका कैच लिया।
अब सवाल यह उठता है कि अगर ताहिला कोविड पॉजिटिव थीं तो दूसरे खिलाड़ियों को खतरे में क्यों डाला गया है? अगर मैच के बाद कुछ खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाई गईं तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? फिलहाल राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति ने इस पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
इस मैच को जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया है। वहीं, भारत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा है। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को हराया था। न्यूजीलैंड ने रविवार (सात अगस्त) को कांस्य पदक के मैच में इंग्लैंड को हरा दिया।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच में प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, स्नेह राणा, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), राधा यादव, मेघना यादव, रेणुका सिंह।
ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (विकेटकीपर), बेथ मूनी, मेग लैनिंग (कप्तान), ताहिला मैक्ग्रा, राचेल हायेन्स, एशले गार्डनर, ग्रेस हैरिस, जेस जॉनसन, अलाना किंग, मेगन स्कट, डार्सी ब्राउन।