वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल ने सरफराज खान को लगातार भारतीय टेस्ट टीम में जगह न मिलने पर निराशा जताई है। इस अनुभवी सलामी बल्लेबाज का मानना है कि सरफराज ने राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए काफी कुछ किया है और खुद को साबित करने के लिए उसे पर्याप्त मौके मिलने चाहिए। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन और अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत के बावजूद मुंबई के इस बल्लेबाज को इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया था।
इससे पहले, सरफराज को 2024 के अंत और 2025 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए टीम में शामिल किया गया था, लेकिन पांचों मैचों में से किसी में भी वह प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना पाए थे। सरफराज ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया और राजकोट में दो अर्धशतक लगाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
गेल ने शुभांकर मिश्रा के यू-ट्यूब चैनल पर कहा, मेरा मतलब है कि सरफराज को टीम में होना चाहिए। कम से कम टेस्ट टीम में तो होना ही चाहिए। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर शतक लगाया, लेकिन टीम में नहीं हैं। मैंने कुछ दिन पहले एक पोस्ट देखी थी कि उसका वजन कम हो गया है। वजन कोई मसला नहीं है। वह बिलकुल ठीक है और अभी भी रन बना रहा था।
गेल ने सरफराज के घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन पर की बात
गेल ने सरफराज के घरेलू क्रिकेट में असाधारण रिकॉर्ड पर भी बात की और उनके बड़े स्कोर के बावजूद उन्हें नजरअंदाज करने के लिए चयनकर्ताओं की आलोचना की। हाल ही में सरफराज ने बुची बाबू आमंत्रण टूर्नामेंट में क्रमशः टीएनसीए इलेवन और हरियाणा के खिलाफ लगातार दो शतक लगाए और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका औसत 65.98 है। गेल ने कहा, सरफराज ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में तिहरा शतक लगाया है, इसलिए अगर वे इस बात का इस्तेमाल उसके खिलाफ कर रहे हैं तो यह दुखद है। उन्हें इस बात का इस्तेमाल उसके खिलाफ कभी नहीं करना चाहिए। उस युवा खिलाड़ी को 100% टीम का हिस्सा होना चाहिए था। भारत में इतनी प्रतिभा है, लेकिन इस खिलाड़ी को मौका तो दो।
सरफराज ने भारत के लिए खेले हैं छह टेस्ट
सरफराज ने भारत के लिए अब तक छह टेस्ट खेले हैं और 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक और एक शतक शामिल है। हालांकि, उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए खेला था और तब से वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी से पहले अभ्यास मैचों में सरफराज ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ एक अनधिकृत टेस्ट की पहली पारी में 92 रन बनाकर प्रभावित किया था।