इंदौर में जीत के बाद टीम इंडिया इस समय काफी रिलेक्स महसूस कर रही है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार चुनौती देने के बावजूद भारत को हार का ही सामना करना पड़ता था।
लेकिन इंदौर में जीत ने भारतीय टीम का माहौल बदल दिया है। टीम इस समय राजकोट पहुंच गई है क्योंकि दोनों टीमों के बीच अगला मैच राजकोट में ही खेला जाना है। मैच में अभी 2 दिन का समय है तो बृहस्पितवार की रात को पूरी टीम इंडिया के राजकोट में अपनी टेस्ट टीम के साथ चेतेश्वर पुजारा के घर गए। जहां पर पुजारा ने पूरी टीम को रात में ग्रैंड डिनर पार्टी दी।
पुजारा की मेजबानी में टीम इंडिया ने उनके घर पर पार्टी का जमकर जश्न मनाया। बीसीसीआई ने आज टि्वट करते हुए यह फोटो शेयर की है। इस फोटो में कप्तान धोनी और विराट कोहली पुजारा के साथ खड़े रहे जबकि अन्य खिलाड़ी सुरेश रैना, रोहित शर्मा, अमित मिश्रा, उमेश यादव और शिखर धवन भी फोटो में दिखे। उनके अलावा टीम से जुड़े अन्य अधिकारी भी पुजारी की मेजबानी का लुत्फ लिया।
लंबे समय से बाहर का खाना खा रहे खिलाड़ियों को यहां थोड़ी राहत और खुशी महसूस हुई क्योंकि पुजारा ने खिलाड़ियों की पसंद का ध्यान रखते हुए उनके लिए दाल-चावल बनवाया था। ज्यादातर खिलाड़ियों ने घर के बने दाल-चावल और सब्जी की फरमाइश की थी। खिलाड़ियों ने घर के बने खाना का लुत्फ उठाया और काफी मस्ती की।
टीम इंडिया को पार्टी देने का क्या राज है?
वनडे सीरीज के बाद टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। हालांकि उनका फॉर्म इस समय अच्छा नहीं चल रहा है और रणजी में खेले अपने पिछले 2 मैचों में कुछ खास नहीं कर सके थे। उन्हीं ही टीम सौराष्ट्र के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा लगातार शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और वह इन 2 मैचों में 24 विकेट झटक चुके हैं।
अब बात आती है कि उन्होंने पूरी टीम इंडिया को पार्टी क्यों दी? इस स्टायलिश बल्लेबाज का पिछले दिनों यानी 9 अक्टूबर को 27वां जन्मदिवस था और उन्होंने देर से ही सही लेकिन पार्टी दी है। मजेदार बात यह है कि आज से 5 साल पहले पुजारा ने इसी दिन (9 को) ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट करियर की शुरुआत की थी।
पार्टी के दौरान वनडे कप्तान धोनी ने पुजारा से काफी देर तक बातचीत की। हालांकि उन्होंने भारत की श्रीलंका में खेली टेस्ट सीरीज के तीसेर मैच में जोरदार शतक जमाया था जिसकी बदौलत टीम इंडिया को जीत मिली थी।
बढ़त बनाने के इरादे से राजकोट पहुंची टीम इंडिया
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए धोनी के धुरंधर राजकोट में हैं। टीम इंडिया रविवार को जब गुजरात के इस खूबसूरत शहर के सौराष्ट्र क्रिकेट संघ मैदान पर उतरेगी तो उसकी निगाहें पांच मैचों की सीरीज में बढ़त बनाने पर होगी।
इस मैदान पर अब तक सिर्फ दो मैच खेले गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में भारत को हार का मुंह देखना पड़ा था जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 में उसे जीत मिली थी। 11 जनवरी 2013 को इंग्लैंड के खिलाफ यहां खेले गए वनडे में भारत को महज नौ रनों से शिकस्त मिली थी। इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए चार विकेट पर 325 रन बनाए थे जबकि भारत नौ विकेट पर 316 रन ही बना सका।
भारत की ओर से गौतम गंभीर (52), युवराज सिंह (61) और सुरेश रैना (50) ने अर्धशतक जमाए थे जबकि अजिंक्य रहाणे पारी की शुरुआत करते हुए तीन रन से अपने अर्धशतक से चूक गए थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टीम में उस समय के रैना और रहाणे हैं और इस बार इन दोनों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
बहरहाल, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। बहरहाल, टीम इंडिया ने अपना दूसरा बड़ा स्कोर इसी शहर में बनाया है।
भारत ने 15 दिसंबर 2009 को श्रीलंका के खिलाफ 7 विकेट पर 414 रन बनाए थे। लेकिन यह मैच माधवराव सिंधिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था। इस मैच में ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने धुआंधार 146 रन की पारी खेली थी। लेकिन इस मैच में भारत को महज तीन रन से जीत मिली थी। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम तिलकरत्ने दिलशान के 160 रन बनाने के बावजूद 8 विकेट पर 211 रन ही बना सकी। हरभजन सिंह ने दो विकेट झटके थे।