बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा टेस्ट क्रिकेट में इस समय टीम इंडिया के नंबर वन बल्लेबाज बने हुए हैं। जबकि गेंदबाजी में प्रज्ञान ओझा शीर्ष 10 गेंदबाजों की श्रेणी में आ गए हैं।
आईसीसी की सोमवार को जारी रैंकिंग में पुजारा छठवें स्थान पर बने हुए हैं। वह शीर्ष 20 बल्लेबाजों की श्रेणी में शामिल एकमात्र भारतीय बल्लेबाज हैं।
गेंदबाजी में शीर्ष भारतीय गेंदबाज आर अश्विन को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह नई सूची में आठवें पायदान पर लुढ़क गए हैं। जबकि टीम इंडिया में लंबे समय से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज जहीर खान 17वें पायदान पर हैं।
इस नई सूची में इंग्लैंड के खिलाड़ियों का काफी दबदबा हो गया है। इंग्लैंड ने सूची जारी होने से एक दिन पहले ही लार्ड्स में ऑस्ट्रेलिया को 347 रनों से हराया था।
इयान बेल जिसे 2006 में आईसीसी के इमर्जिंग क्रिकेटर ऑफ द ईयर के खिताब से नवाजा गया था अब बल्लेबाजों की सूची में 11वें पायदान पर आ गए हैं। बेल ने लार्ड्स टेस्ट में 109 और 74 रनों की पारी खेली थी।
लार्ड्स टेस्ट में 180 रनों की पारी खेलने वाले जोई रुट 21 स्थानों की लंबी जंग लगाते हुए 26वें स्थान पर आ गए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला बल्लेबाजों की सूची में नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। जबकि दूसरे स्थान पर वेस्ट इंडीज के शिवनारायन चंद्रपाल और तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के ही एबी डीविलियर्स बने हुए हैं।
गेंदबाजों की सूची में भी शीर्ष स्तर पर दक्षिण अफ्रीका का ही दबदबा है। तेज गेंदबाज डेल स्टेन पहले पायदान पर हैं। जबकि हमवतन वाएने फिलेंडर दूसरे और रंगना हेराथ (श्रीलंका) तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
शीर्ष 10 गेंदबाजों की सूची में भारत के दो फिरकी गेंदबाज आर अश्विन (8वां) और प्रज्ञान ओझा (10वां) शामिल हैं।
आर अश्विन टेस्ट क्रिकेट में शीर्ष 10 हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में शामिल एकमात्र भारतीय क्रिकेटर हैं।