भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड दौरे पर तीन टेस्ट मैच खेलने के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। हालांकि, टीम इंडिया के भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की सीनियर चयन समिति के पूर्व प्रमुख चेतन शर्मा ने बुमराह का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को फिजियो की सलाह माननी चाहिए क्योंकि वे चीजों को बेहतर समझ सकते हैं।
'खिलाड़ियों को फिजियो की सलाह माननी चाहिए'
लगातार चोटों से जूझने वाले बुमराह पांच मैच की तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के दौरान पहले, तीसरे और चौथे टेस्ट में खेले थे। वह दो मैच में नहीं खेले और इस दौरान मोहम्मद सिराज ने भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई की। चेतन शर्मा ने कहा कि यह मरीज के डॉक्टर की सलाह मानने की तरह है। उन्होंने कहा, 'अगर मेडिकल टीम सलाह देती है, अगर डॉक्टर मुझे कहता है कि मुझे एंटीबायोटिक खाने होंगे तो मुझे ऐसा करना होगा। यदि हमारे फिजियो किसी खिलाड़ी को काम के बोझ के प्रबंधन के लिए कह रहे हैं तो मुझे लगता है कि हमें उनकी बात सुननी चाहिए क्योंकि वे चीजों को बेहतर समझते हैं।'
'भारत जीतेगा एशिया कप'
इस दौरान पूर्व खिलाड़ी ने भारत के एशिया कप में अभियान पर भी बात की। उन्होंने कहा कि टीम अगले महीने यूएई में शुरू होने वाला एशिया कप जीतेगी। चेतन ने कहा, 'मुझे पता है कि जो भी चुना जाएगा वह देश के लिए सर्वश्रेष्ठ होगा और मुझे भारत के इंग्लैंड में प्रदर्शन पर बेहद गर्व है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम एशिया कप (जो टी20 प्रारूप में खेला जाएगा) जरूर जीतेंगे क्योंकि उसके बाद हम भारत में टी20 विश्व कप (2026 में) खेलेंगे। जब आप अपनी सरजमीं पर (विश्व कप) खेल रहे हों तो यह बहुत बड़ी बात होती है। अगर इरादा सही हो तो नतीजे भी अच्छे ही होंगे।'