श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने श्रीलंका के ही पूर्व सलामी बल्लेबाज चंडिका हथुरुसिंघा को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। हथुरुसिंघा ने इस साल अक्टूबर में बांग्लादेश के कोच पद से इस्तीफा दे दिया था और अब वह 20 दिसंबर को श्रीलंका के नए हेड कोच के रूप में अपना कार्यभार संभालेंगे।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपने एक बयान में कहा, 'एसएलसी यह घोषणा करता है कि चंडिका हथुरुसिंघा टीम के हेड कोच होंगे और वह 20 दिसंबर को अपना कार्यभार संभालेंगे। गौरतलब है कि 6 दिसंबर को हुई बैठक में कार्यकारी समिति ने उनके नए हेड कोच को बनने में अपनी मंजूरी दी।
एसएलसी बोर्ड के साथ तीन साल के करार के तहत हाथुरुसिंघा 2020 तक श्रीलंका क्रिकेट के मुख्य कोच होंगे। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के साथ हाथुरुसिंघा का करार 2019 वर्ल्ड कप तक था, लेकिन उन्होंने अपनी घरेलू टीम के साथ कोच पद की जिम्मेदारी के लिए हामी भर दी।
पढेंः- पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर को कुछ पता ही नहीं और दिया बड़ा बयान, लक्ष्मण ने लताड़ लगाई
हाथुरुसिंघा ने श्रीलंका-ए टीम के कोच और राष्ट्रीय टीम में सहायक कोच के रूप में काम किया है। हालांकि, 2010 में एसएलसी प्रशासन के साथ उनके रिश्तों में दरार पड़ गई थी। वह श्रीलंका क्रिकेट टीम के 11वें मुख्य कोच होंगे। बता दें कि ग्राहम फोर्ड के कोच पद से इस्तीफा देने के बाद श्रीलंका टीम बिना कोच के थी।
फोर्ड के स्थान पर टीम के फील्डिंग कोच निक पोथास को अंतरिम कोच नियुक्त किया गया था। हाल ही में भारत के खिलाफ खेली गई तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में वही टीम के कोच थे। टीम इंडिया के खिलाफ खेली जाने वाली टी-20 सीरीज के दौरान हाथुरुसिंघा को श्रीलंका टीम के कोच के रूप में देखा जाएगा। बता दें कि 49 वर्षीय हथुरुसिंघा ने श्रीलंका के लिए 1991-99 तक 26 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 1274 रन बनाए हैं।