फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champions Trophy: न बल्लेबाज चले और न गेंदबाज, 27 साल के इतिहास में चौथी बार ग्रुप स्टेज से बाहर हुआ पाकिस्तान

Fri, 28 Feb 2025 08:34 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची

सार

चैंपियंस ट्रॉफी साल 1998 से खेला जा रहा है और टूर्नामेंट के 27 साल के इतिहास में चौथी बार पाकिस्तान की टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हुई है।
विज्ञापन
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 - फोटो : PCB
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चैंपियंस ट्रॉफी का रोमांच अब फैंस के सिर चढ़कर बोलने लगा है। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले ने इस टूर्नामेंट में चार चांद लगा दिया था। एक तरफ जहां भारत में इस मैच में टीम इंडिया की जीत के बाद जश्न मनाया गया, वहीं दूसरी तरफ पड़ोसी मुल्क में मातम पसर गया। टीम इंडिया के खिलाफ पाकिस्तान की यह सिर्फ हार नहीं थी, बल्कि पाकिस्तान के चैंपियंस ट्रॉफी में सफर का भी अंत हो गया था। रही सही कसर अगले दिन न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को हराकर पूरी कर दी। 29 साल बाद पाकिस्तान को किसी तरह रो-धोकर आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी मिली थी और मेजबान टीम का ही सफर नौ दिन में खत्म हो गया। चैंपियंस ट्रॉफी साल 1998 से खेला जा रहा है और टूर्नामेंट के 27 साल के इतिहास में चौथी बार पाकिस्तान की टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हुई है।
विज्ञापन

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 - फोटो : PCB
पाकिस्तान की हुई किरकिरी
पाकिस्तान के लिए सबसे खराब बात यह रही कि साल 2009 में श्रीलंकाई टीम पर आतंकी हमले के बाद वहां कई वर्षों तक कोई भी मैच तक नहीं खेला गया था। उन्हें दशकों में जैसे तैसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का मेजबान बनने का मौका मिला। इसके बाद देश को कर्जे में मैदान बनाने पड़े। फिर खुद मेजबान होने के बावजूद भारत से मुकाबले खेलने के लिए तीसरे देश आना पड़ा। फिर टीम का आधिकारिक तौर पर टिकट तो 24 फरवरी यानी छह दिन में ही कट गया था, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ मैच तक औपचारिकता के लिए इंतजार करना पड़ा। टीम अगर बांग्लादेश को हराकर जीतती तो हो सकता है कि जख्मों पर थोड़ा मरहम लग जाता, लेकिन कुदरत के निजाम ने उनसे यह हक भी छीन लिया। टीम लगातार तीसरे आईसीसी टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में जाने में विफल रही।

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 - फोटो : PCB
पाकिस्तान का इस चैंपियंस ट्रॉफी में सफर
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच ग्रुप-ए का मुकाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया। रावलपिंडी में बारिश की वजह से टॉस तक नहीं हो सका। इसी के साथ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में मेजबान पाकिस्तान के सफर का बुरा अंत हुआ है। टीम तीन में से एक भी मैच नहीं जीत पाई। मैच रद्द होने की वजह से दोनों टीमों को एक-एक अंक तो मिला, लेकिन रिजवान की टीम ग्रुप-ए में आखिरी स्थान पर रही। बांग्लादेश ने उनसे ऊपर तीसरे स्थान पर रहते हुए सफर का अंत किया। ग्रुप-ए से भारत और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया है। बांग्लादेश की टीम तीन मैचों में दो हार और एक बेनतीजा मैच के साथ एक अंक और -0.44 नेट रन रेट लेकर तीसरे स्थान पर रही। वहीं, पाकिस्तान की टीम -1.09 नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर रही। पाकिस्तान को न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि बांग्लादेश को भी इन्हीं दोनों टीमों के खिलाफ शिकस्त मिली। ग्रुप-ए का आखिरी मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मार्च को खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम ग्रुप-ए में शीर्ष पर रहकर लीग राउंड को खत्म करेगी।

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 - फोटो : PCB
न तो गेंदबाज चले और न ही बल्लेबाज
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में न तो पाकिस्तान के बल्लेबाज चले और न ही गेंदबाज चले। पाकिस्तान टीम की मजबूती उनके गेंदबाजों को माना जाता है, लेकिन पिछले पांच वनडे में उनके स्ट्राइक गेंदबाजों का गेंदबाजी औसत बेहद खराब रहा है। शाहीन अफरीदी का पिछले पांच वनडे में गेंदबाजी औसत 42.6 का, नसीम शाह का 56.2 का और हारिस रऊफ का 77.7 का रहा है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान की गेंदबाजी सबसे फिसड्डी रही है। टीम के गेंदबाजों का सबसे खराब गेंदबाजी औसत रहा है। वहीं, दूसरा सबसे खराब गेंदबाजी स्ट्राइक रेट रहा है। बल्लेबाजी की बात करें तो पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने शुरुआती 10 ओवर यानी पहले पावरप्ले में सबसे खराब रन रेट से रन बनाए हैं। पहले पावरप्ले में टीम के डॉट बॉल खेलने का प्रतिशत भी सबसे खराब है। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआती 10 ओवर में सबसे खराब गेंद प्रति बाउंड्री दर भी है।
विज्ञापन

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 - फोटो : PCB
चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान का इतिहास
चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट 1998 से खेला जा रहा है। पाकिस्तान की टीम पहले संस्करण से इस लीग का हिस्सा रही है और लगभग सभी नौ संस्करण में खेली है। 2002, 2006, 2013 के बाद यह चौथी बार है जब टीम पहले राउंड यानी ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। 1998 में टीम क्वार्टरफाइनल में पहुंची थी, जबकि 2000, 2004 और 2009 में टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी। 2017 में पाकिस्तान की टीम चैंपियन बनी थी और उनसे इस बार अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। टीम के प्रदर्शन से वहां के फैंस के साथ-साथ पूर्व क्रिकेटर्स भी नाराज हैं। वसीम अकरम से लेकर शोएब अख्तर तक ने नई टीम बनाने और अच्छा प्रदर्शन नहीं करने वाले खिलाड़ियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें