मैन ऑफ द मैच कप्तान सरफराज अहमद (नाबाद 61) की दबाव में खेली पारी और मोहम्मद आमिर (2/53 और नाबाद 28) की मदद से पाकिस्तान ने श्रीलंका को तीन विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। जहां उसकी टक्कर 14 जून को मेजबान इंग्लैंड की टीम से होगी।
पाकिस्तान ने अपनी पेस बैटरी मोहम्मद आमिर, जुनैद खान (3/40) और हसन अली (3/43) की मदद से श्रीलंका को 49.2 ओवरों में 236 पर समेट दिया। ओपनर फाखर जमा (50) और कप्तान सरफराज की मदद से पाकिस्तान ने 44.5 ओवरों में सात विकेट पर 237 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
पाकिस्तान की टीम ने शुरुआत अच्छी की थी। अजहर अली (34) और फाखर जमां ने पहले विकेट पर 74 रन जोड़े। बारहवें ओवर में नुवान प्रदीप ने फाखर को आउट कर दिया। उसके बाद बाबर आजम (10), मोहम्मद हफीज (01) के जल्द आउट होने से मध्यक्रम चरमरा गया और पाकिस्तान टीम पर हार का खतरा मंडराने लगे। ऐसे में कप्तान सरफराज ने मोर्चा संभाला और फहीम अशरफ के साथ सातवें विकेट पर 25 और आठवें विकेट पर मोहम्मद आमिर के साथ 75 रन की अविजित साझेदारी कर पाकिस्तान को सेमीफाइनल में प्रवेश करा दिया।
पाक की जीत में श्रीलंका की खराब फील्डिंग भी दोषी रही। सरफराज को 39वें ओवर में जीवनदान मिला परेरा ने मिडआन पर उनका बेहद आसान कैच गिरा दिया। उस समय पाकिस्तान कप्तान 38 रन बनाकर खेल रहे थे। 41वें ओवर में भी सरफराज का एक मुश्किल कैच छूटा था। श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने कई रनआउट के मौके भी गंवाए।
SCORECARD
इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले श्रीलंका को बल्लेबाजी पर उतारा था। श्रीलंका की टीम ने गुनातिलके (13) का विकेट छठे ओवर में खो दिया था। कुसल मेंडिस (27) ने दूसरे विकेट पर निरोशन डिकवेला (73) के साथ 56 रन जोड़े लेकिन हसन अली ने अपनी तेजी से मेंडिस को छकाकर बोल्ड कर दिया। दिनेश चांदीमल तो खाता भी नहीं खोल सके फहीम अशरफ (2/37) ने उन्हें बोल्ड कर दिया। तीन गेंदों पर दो विकेट निकल गए।
निरोशन डिकवेला और कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (39) ने अच्छी बल्लेबाजी का प्रयास किया और चौथे विकेट पर 78 रन जोड़े लेकिन दूसरे स्पैल में आए आमिर ने दूसरी ही गेंद पर मैथ्यूज को आउट कर श्रीलंका की उम्मीदों को झटका दे दिया। आमिर और जुनैद ने 3.2 ओवरों में दो-दो विकेट लेकर श्रीलंका के लिए मुश्किलें बढ़ा दीं। इस दौरान डिकवेला भी आउट हो गए। निचले क्रम के बललेबाज सुरंगा लकमल (26) और असेला गुनारत्ने (27) ने संघर्ष का जज्बा दिखाकर टीम के स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाने में मदद की। आठवें विकेट पर दोनों ने महत्वपूर्ण 46 रन जोड़े।