चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर बड़ी जीत दर्ज कर आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय टीम ओवल में श्रीलंका के खिलाफ अपने इसी प्रदर्शन को दोहराकर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेगी। मौजूदा चैंपियन भारत ने कप्तान विराट कोहली और कोच अनिल कुंबले के बीच कथित मतभेदों की खबरों को पीछे छोड़कर बर्मिंघम में खेले गए ग्रुप बी के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 124 रन से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी।
दूसरी तरफ श्रीलंका की टूर्नामेंट में शुरुआत निराशाजनक रही। दक्षिण अफ्रीका ने ओवल में खेले गए मैच में उसे 96 रन से करारी शिकस्त दी। उसके गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे जबकि मध्यक्रम के बल्लेबाज अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे। भारत के लिए एकमात्र चिंता यहां का अचानक बदलता मौसम है। मौसम की भविष्यवाणी के अनुसार बृहस्पतिवार को भारी बारिश होने की 40 प्रतिशत संभावना है। वर्तमान फॉर्म और टीम संयोजन को देखते हुए भारत का पलड़ा भारी नजर आता है।
पिछले मैच के कप्तान इस मैच से बाहर
एंजेलो मैथ्यूज
मैच से पहले कोहली ने कहा, ‘टूर्नामेंट का प्रत्येक मैच महत्वपूर्ण है लेकिन हमारी टीम में कुछ युवा खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से टीम में जगह मजबूत की है। टीम के लिहाज से पाकिस्तान पर जीत बेहद महत्वपूर्ण है। यह हमारे लिए बड़ी जीत थी। हमने पूरे मैच में आत्मविश्वास दिखाया। भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव और जसप्रीत बुमराह की तेज गेंदबाजी की तिकड़ी के शानदार प्रदर्शन, हार्दिक पांड्या का बल्ले और गेंद से प्रभावशाली खेल और रविंद्र जडेजा का स्पिन विभाग की जिम्मेदारी बखूबी संभालने के कारण मोहम्मद शमी और रविचंद्रन अश्विन के लिए फिर से अंतिम एकादश में जगह बनाना मुश्किल होगा।' अश्विन के नहीं खेलने की स्थिति में युवराज और केदार जाधव उनका साथ दे सकते हैं।
वहीं श्रीलंका के साथ कुछ परेशानियां जुड़ी हुई हैं। दक्षिण अफ्रीका से करारी हार झेलने के अलावा धीमी ओवर गति के कारण उसके कार्यवाहक कप्तान उपुल थरंगा पर दो मैचों का प्रतिबंध भी लग गया और वह भारत के अलावा पाकिस्तान के खिलाफ टीम के आखिरी लीग मैच में भी नहीं खेल पाएंगे। श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उपुल नहीं खेल पाएंगे। वह हमारी टीम का महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की थी और इसलिए यह निराशाजनक है। उनकी अनुपस्थिति में निरोसन डिकवेला के साथ कुसल परेरा को यह भूमिका निभानी पड़ सकती है।
यह है भारत की चिंता
विराट कोहली
- फोटो : icc
क्षेत्ररक्षण भारत के लिए थोड़ा चिंता का विषय हो सकता है क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ उसके खिलाड़ियों ने कुछ आसान कैच टपकाए थे। कोहली तीसरे विभाग में भी किसी तरह की ढिलाई नहीं चाहते हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद कहा था कि उनकी टीम को श्रेष्ठ टीमों के खिलाफ अपनी फिल्डिंग में सुधार करने की जरूरत है।
टीमें:
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, युवराज सिंह, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, रविंद्र जडेजा, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, मोहम्मद शमी, अजिंक्य रहाणे, दिनेश कार्तिक और आर अश्विन।
श्रीलंका: एंजेलो मैथ्यूज (कप्तान), दिनेश चंदीमल, निरोशन डिकवेला, चमारा कापुगेदारा, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, थिसारा परेरा, सीकुगे प्रसन्ना, नुवान प्रदीप, सुरंगा लकमल, लक्ष्ण संदाकन, लसिथ मलिंगा, असेला गुनारत्ने और नुवान कुलसेकरा।