आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2017 में 'करो या मरो' के मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। टॉस जीतकर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। प्रोटियाई टीम 44.3 ओवर में ही 191 पर सिमट गई। जवाब में भारत ने 72 गेंद रहते जीत दर्ज की।
भारत के लिए शिखर धवन ने 83 गेंदों में 12 चौकों और 1 छक्के की मदद से 78 रन बनाए। विराट कोहली 101 गेंदों में 76 रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली ने 7 चौके और 1 छक्का जड़ा। युवराज ने भी 23 रन की की नाबाद पारी खेली। साउथ अफ्रीका के लिए मॉर्ने मॉर्कल और इमरान ताहिर ने 1-1 विकेट लिया।
LIVE SCORECARD
शानदार शुरुआत के बावजूद दक्षिण अफ्रीकी टीम 191 रन पर ही सिमट गई। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और लगातार विकेट चटकाए। साथ ही साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजी एक बार फिर दबाव में बिखर गई और बैट्समैन अपने विकेट तोहफे में देकर चलते बने। साउथ अफ्रीका के लिए क्विंटन डि कॉक ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। अमला ने 35 रन और फाफ डु प्लेसी ने 36 रन का योगदान दिया। एबी डीविलियर्स (16 रन) और डेविड मिलर (1 रन) अपने विकेट तोहफे में देकर रनआउट हुए।
भारत के लिए भुवनेश्वर ने 22 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह ने भी 28 रन देकर 2 विकेट चटकाए। हार्दिक पांड्या, आर अश्विन और रविंद्र जडेजा को 1-1 सफलता मिली। 3 दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज रनआउट हुए। जसप्रीत बुमराह को अपनी शानदार गेंदबाजी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।