दिल्ली पुलिस का दावा है कि उसने स्पॉट फिक्सिंग के लिए श्रीसंत को मिले 10 लाख रुपए में से साढ़े पांच लाख की रकम मुंबई से बरामद कर ली है।
इसके लिए पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्त में आए अभिषेक शुक्ला का इस्तेमाल किया। अभिषेक ने ही 16 मई को श्रीसंत की गिरफ्तारी के बाद पैसे और सामान छिपाए थे।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस रिकवरी से यह तय हो गया है कि श्रीसंत ने नकद रकम ली थी। 10 लाख में से 75 हजार रुपए मुंबई पुलिस ने बरामद किए थे, जबकि दिल्ली पुलिस का दावा है कि श्रीसंत ने पौन चार लाख रुपए पार्टियों और शॉपिंग पर खर्च कर दिए थे।
श्रीसंत के दोस्त अभिषेक को जमानत
स्पॉट फिक्सिंग मामले में सबूत मिटाने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार किए गए क्रिकेटर एस श्रीसंत के दोस्त अभिषेक शुक्ला को आज दिल्ली की एक अदालत ने 25 हजार रूपये के मुचलके पर जमानत दे दी।
अभिषेक को बुधवार दिल्ली पुलिस ने कथिततौर पर सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। अभिषेक को दिल्ली पुलिस फिक्सिंग की रकम बरामद करने के लिए कल मुंबई ले गई थी। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में शुक्ला की गिरफ्तारी गैर कानूनी है क्योंकि वह गिरफ्तारी से पहले ही जांच प्रक्रिया का हिस्सा बन गए थे। इसके अलावा कोर्ट ने अभिषेक को मुंबई ले जाने से पहले कोर्ट में पेश नहीं करने पर भी दिल्ली पुलिस को फटकार लगाई।
पुलिस का दावा था कि पेशे से इवेंट मैनेजर अभिषेक के पास से उन्हें साढ़े पांच लाख रूपये बरामद हुए हैं जो कथित तौर पर क्रिकेटर श्रीसंत को आईपीएल मैचों के दौरान फिक्सिंग करने के लिए सट्टेबाजों ने दिए थे।