भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ खिलाड़ियों की सूची में खुद को पांचवें नंबर पर रखा है। पर्थ टेस्ट मैच में शामिल नहीं रहे रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट से पहले मैच अभ्यास चाहते हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ कैनबरा में अभ्यास मुकाबला खेला जा रहा है जिसमें रोहित टीम की कमान संभाल रहे हैं।
रोहित की अनुपस्थिति में यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल ने पारी का आगाज किया था, लेकिन अब देखना होगा कि रोहित पारी का आगाज करने उतरे हैं या टीम प्रबंधन केएल राहुल को ही ओपनिंग कराने का फैसला करता है। अभ्यास मैच में जिस तरह रोहित ने अपना नाम पांचवें स्थान पर रखा है, उसे संकेत माना जा रहा है कि राहुल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छह दिसंबर से एडिलेड में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में ओपनिंग करने उतर सकते हैं। राहुल और यशस्वी की जोड़ी पर्थ टेस्ट में खूब चली थी और दूसरी पारी में इन्होंने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट में राहुल और यशस्वी ने दूसरी पारी में पहले विकेट के लिए 200 से अधिक रनों की साझेदारी की थी। यह पहली बार था जब ऑस्ट्रेलियाई धरती पर भारतीय ओपनरों ने इतनी बड़ी साझेदारी की थी। राहुल और यशस्वी की पारी के दम पर ही भारत ने पहला टेस्ट मैच 295 रनों से जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी।
अभ्यास मैच का हाल
भारत और ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के बीच मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान रोहित ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन सैम कोंसटास और जैक क्लेटॉन ने शुरुआती झटकों के बाद टीम को उबारा और तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर डाली। मोहम्मद सिराज और आकाश दीप ने भारत को शुरुआत में दो सफलता दिलाई, लेकिन कोंसटास और क्लेटॉन ने टीम को मुश्किल से उबारा। मैच के बीच में बारिश ने भी खलल डाला और कुछ देर के लिए मुकाबले को रोकना पड़ा। बारिश के कारण ओवरों में कटौती की गई और इसे 46-46 ओवर कराने का फैसला किया गया। ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश ने 22 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 124 रन बनाए हैं।
हर्षित ने कराई वापसी
तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने दमदार गेंदबाजी की। हर्षित ने छह गेंदों के अंतराल पर चार विकेट झटके और विरोधी टीम को मुश्किल में डाल दिया। हर्षित ने पहले क्लेटॉन को आउट किया और फिर डेविस को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। इसके बाद अगले ओवर में उन्होंने जैक एडर्वड्स को प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। वहीं, इसी ओवर में सैम हार्पर को खाता खोले बिना आउट किया। हर्षित अब तक मैच में चार विकेट ले चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ भारत का लाइन-अप इस प्रकार है...
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, रोहित शर्मा (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, रवींद्र जडेजा, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, देवदत्त पडिक्कल, अभिमन्यु ईश्वरन, रविचंद्रन अश्विन, सरफराज खान।