भारतीय क्रिकेट में राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नियुक्ति करना हमेशा से विवादों में रहा है। राजनीतिक प्रभाव की वजह से इनका चयन करना थोड़ा कठिन होता है। चयन के विवाद को खत्म करने के लिए अब राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का चयन विशेष प्रक्रिया के साथ किया जाएगा।
प्रशासकों की समिति ने सुप्रीम कोर्ट के सामने यह सुझाव रखने का निर्णय लिया है कि अब मुख्य कोच के चयन की तरह ही राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का चयन किया जाएगा। यह चयन दो साल के कार्यकाल के लिए होगा। हाल ही में प्रशासकों की समिति के बैठक में यह फैसला हुआ। बीसीसीआई ने इसकी जानकारी अपनी वेबसाइट में साझा की है।
पढ़ेंः- BCCI को भेजे ई-मेल पर दून को 12 वां जोन बनाए जाने पर उठे सवाल
प्रशासकों की समिति के फैसले के अनुसार बीसीसीआई की महासभा को एक प्रोफेशन कमेटी बनानी चाहिए। जो क्रिकेट की एडवाइजरी समिति जैसी हो। यह प्रोफेशनल कमेटी ही मुख्य कोच तथा राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का चयन करे। इस कमेटी में जाने माने पूर्व क्रिकेटर शामिल होंगे।
बीसीसीआई के सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का चयन अब क्रिकेट की एडवाइजरी कमेटी सीएसी को सौंपा जाएगा। सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण की एडवाइजरी कमेटी टीम इंडिया के चयनकर्ताओं का चयन करेगी।