ब्रैड हॉग ने कहा, ‘काफी खिलाड़ी लॉकडाउन से गुजर रहे हैं। वह बाहर नहीं निकल पा रहे हैं और टी-20 विश्व कप जैसे टूर्नामेंट के लिए ट्रेनिंग और तैयारी नहीं कर पा रहे इसलिए हमें उन्हें यहां एक या डेढ़ महीना पहले लाना होगा।’
हॉग ने सुझाव दिया कि ऑस्ट्रेलिया में प्रवेश के लिए चार्टर्ड फ्लाइट लेने से पहले प्रत्येक खिलाड़ी का परीक्षण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘व्यावसायिक उड़ाने उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए हमें चार्टर्ड उड़ानों का सहारा लेना होगा... चार्टर्ड फ्लाइट में बैठने से पहले सभी खिलाड़ियों का परीक्षण होना चाहिए।’
हॉग ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया में आने के बाद उन्हें दो हफ्तों के लॉकडाउन से गुजरना होगा। दो हफ्ते का पृथक रहने का समय पूरा होने के बाद उनका दोबारा परीक्षण होगा और अगर वे परीक्षण में सफल रहते हैं तो बाहर जाने, तैयारी और ट्रेनिंग करने के लिए स्वतंत्र होंगे।’
हॉग ने कहा कि क्रिकेट में सामाजिक दूरी बनाना समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा, ‘सामाजिक दूरी बनाना क्रिकेट में समस्या नहीं होगी क्योंकि अधिकांश समय खिलाड़ी एक दूसरे से एक-डेढ़ मीटर से अधिक की दूरी पर ही रहते हैं। एकमात्र समस्या स्लिप में हो सकती है, लेकिन इसके लिए नियम बनाया जा सकता है कि स्लिप में दो खिलाड़ियों के बीच कम से कम दो मीटर की दूरी होगी।’