सोशल मीडिया पर धोनी की कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। यहां तक कि गायक मीका सिंह, अभिनेता संजय कपूर और अन्य बी-टाउन हस्तियों ने धोनी के साथ तस्वीरें साझा कीं। धोनी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच 2023 विश्व कप मैच में इसलिए नहीं गए क्योंकि उन्हें शाहरुख खान की जन्मदिन पार्टी में शामिल होना था। धोनी क्रिकेटर होने के साथ-साथ फिल्म निर्माता भी हैं। वह 2019 में स्थापित धोनी एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक हैं।
दूसरी ओर, मेन इन ब्लू ने श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला एकतरफा अंदाज में 302 रनों से जीता। इस मैच को 2011 विश्व कप फाइनल के रीपीट मैच के रूप में देखा जा रहा था, जहां धोनी ने भारत को दूसरा विश्व कप खिताब दिलाया था। इस दिग्गज क्रिकेटर ने आखिरी बार इस साल जनवरी में भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच स्टेडियम में जाकर देखा था।
शाहरुख खान एमएस धोनी के बहुत बड़े फैन हैं और उन्हें आईपीएल नीलामी में खरीदना चाहते थे। हालांकि, माही आईपीएल के उद्घाटन सत्र के बाद से कभी ऑक्शन में शामिल नहीं हुए। पहले ऑक्शन में ही धोनी सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे।
चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा, वह 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए भी खेले। तब चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके को दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। इस साल की शुरुआत में, धोनी ने सीएसके को अपनी पांचवीं आईपीएल ट्रॉफी दिलाई।
एक पुराने इंटरव्यू में, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सह-मालिक शाहरुख ने कहा था- यार मैं तो उन्हें अपना पजामा बेच के भी खरीद लूं, वो आए तो नीलामी में। भारत को 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैम्पियंस ट्राफी दिलाने वाले धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि, यह 42 वर्षीय खिलाड़ी आईपीएल में खेलना जारी रखे हुए है। वहीं, शाहरुख खान ब्लॉकबस्टर हिट जवान और पठान की सफलता का आनंद ले रहे हैं। वह टाइगर-थ्री और डंकी में दिखाई देंगे।