कभी-कभी बीसीसीआई भी कमाल का काम करता है, टीम इंडिया के 500वें टेस्ट मैच में अपने सभी पूर्व कप्तानों को निमंत्रण भेजा सिवाए दो के। कानपुर के ग्रीन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ बृहस्पतिवार से शुरू हो रहा टेस्ट मैच भारत का 500वां टेस्ट मैच होगा।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड इस ऐतिहासिक अवसर को बड़े स्तर पर आयोजित करने का ऐलान पहले ही कर चुका था। उसकी योजना में अब तक के सभी कप्तानों को बुलाकर उनका सम्मान करना भी था।
बीसीसीआई ने इस बार मैच फिक्सिंग के आरोपी रहे पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को भी निमंत्रित किया है। इससे पहले अजहर पर मैच फिक्सिंग के आरोप होने के कारण बीसीसीआई उनसे दूरी बनाए रखता था। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ने अजहर को निमंत्रित किए जाने को लेकर कहा था कि वह भी पूर्व कप्तान हैं तो उन्हें भी निमंत्रित किया गया है।
बोर्ड ने अजहर को सम्मान समारोह के लिए निमंत्रित किया है लेकिन उसने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी को अभी तक कोई निमंत्रण नहीं भेजा है। बेदी ने टीम इंडिया के लिए 22 टेस्ट मैचों में कप्तानी की है लेकिन बोर्ड अभी तक उनका नाम भूल गया है।
इस सम्मान समारोह में सचिन तेंदुलकर, कृष्णमचारी श्रीकांत, दिलीप वेंगसरकर समेत कई पूर्व कप्तानों को आमंत्रित किया गया है। टीम के वर्तमान मुख्य कोच अनिल कुंबले और कप्तान विराट कोहली को भी सम्मानित किया जाएगा।