कप्तान के तौर पर सबसे पहले ड्रेसिंग रूम को किया संबोधित
तीसरे टेस्ट मैच से पहले बात करते हुए स्टोक्स ने कहा "टीम में वापस लौटने के बाद मेरी सबसे पहली जिम्मेदारियों में से एक ड्रेसिंग रूम को संबोधित करना और इस पूरी घटना का दूसरे खिलाड़ियों पर पड़े प्रभाव को स्वीकार करना था। एक कप्तान के तौर पर मुझे सबसे पहले यही कदम उठाना था।" स्टोक्स ने माना कि यह परिस्थिति केवल उन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने टीम के कई सदस्यों, विशेषकर उन युवा खिलाड़ियों को प्रभावित किया जो दूसरे मैच के दौरान अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे थे।
उन्होंने आगे कहा "इस घटना ने टीम और खेल के माहौल को प्रभावित किया। इसमें कोई दोराय नहीं है कि इसका असर उन लड़कों पर पड़ा जो अपना डेब्यू मैच खेल रहे थे। वह समय पूरी तरह से उनके बारे में होना चाहिए था, लेकिन दुर्भाग्य से उनके नियंत्रण से बाहर की यह स्थिति टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए डेब्यू करने के उनके इतने बड़े दिन पर हावी हो गई।"
'जिम्मेदारी लेना ही नेतृत्व है'
स्टोक्स ने कहा कि नेतृत्व का अर्थ यह भी है कि जब चीजें गलत दिशा में जाएं तो उसकी जिम्मेदारी ली जाए और जहाँ आवश्यक हो, वहाँ सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि मेरे लिए इस स्थिति को मानना और इस पर खुलकर बात न करना बेवकूफी और नादानी होती। जब सब कुछ ठीक चल रहा हो तो सब कुछ बहुत अच्छा होता है, लेकिन आपको परिस्थितियों की जिम्मेदारी भी लेनी होती है। अगर आपको यह जिम्मेदारी संभालनी है, तो आपको इतना बड़ा और हिम्मतवाला बनना होगा कि आप इसे अपने कंधों पर उठा सकें, सबकी आंखों में आंखें डाल सकें और जैसे माफी मांगनी चाहिए वैसे माफी मांग सकें। मैंने ठीक यही किया।
ब्रेंडन मैकुलम के साथ रिश्तों पर कही यह बात
इस पूरे विवाद के कारण कप्तान स्टोक्स और इंग्लैंड के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम के आपसी संबंधों पर भी सवाल खड़े होने लगे थे। इस पर बात करते हुए स्टोक्स ने कहा कि आप एक प्रोफेशनल माहौल में एक साथ इस तरह की किसी स्थिति से गुजरने की योजना कभी नहीं बनाते। मैं और ब्रेंडन शुरुआती समय में लगभग हर दिन आपस में बात करते थे। शायद भविष्य में हम इस समय को पीछे मुड़कर देखेंगे और कहेंगे कि इससे हमारे संबंध और मजबूत हुए हैं। हम निश्चित रूप से एक-दूसरे से दूर नहीं हुए हैं। स्टोक्स ने स्पष्ट किया कि उनके और गस एटकिंसन के टीम में वापस आने के बाद अब उनका पूरा लक्ष्य केवल अगले मैच के परिणाम पर केंद्रित है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का तीसरा और निर्णायक टेस्ट मैच गुरुवार से शुरू होने जा रहा है।