बीसीसीआई के अध्यक्ष पद पर अनुराग ठाकुर निर्विरोध चुने गए। यूं तो इससे पहले वह बोर्ड के सचिव पद पर थे, लेकिन रविवार को बतौर अध्यक्ष उन्होंने पहली बार पत्रकारों से बातचीत की।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने टीम इंडिया को नंबर वन बनाने की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया को टेस्ट, वनडे, टी-20 और घरेलु क्रिकेट में नंबर वन बनाना है।
आपको बता दें कि इस वक्त टीम इंडिया 20 अंकों के साथ टेस्ट में दूसरे नंबर पर, 45 अंकों के साथ वनडे में चौथे नंबर पर और 22 अंकों के साथ अंतरराष्ट्रीय टी-20 में दूसरे पायदान पर हैं।
अनुराग ठाकुर ने सभी राज्यों को सोशल मीडिया में एक्टिव होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फैंस के बीच सूचनात्मक रिश्ता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया सबसे बड़ा हथियार है।
अनुराग ठाकुर ने अध्यक्ष की कुर्सी संभालते ही भारतीय क्रिकेट कोच को लेकर भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जून माह में डेडलाइन के भीतर कोच का विज्ञापन देंगे और टीम इंडिया को जल्दी ही नया कोच मिलेगा।
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए नए कोच के लिए बीसीसीआई ने विज्ञापन देने का फैसला किया है और आवेदन के लिए दस जून तक की समयसीमा तय की है। नए बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि हम चाहते हैं कि पद के लिए योग्य उम्मीदवार आगे आएं।
क्रिकेट स्टेडियम को हरा बनाने पर विशेष जोर
अनुराग ने भारत में क्रिकेट स्टेडियम को हरा बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा स्टेडियम में हरे रंग की घास की अधिकता होगी। इसके लिए बीसीसीआई 100 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद देगी।
गौरतलब है कि शशांक मनोहर ने बीसीसीआई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था इसके बाद वह आईसीसी के अध्यक्ष बने हैं। वहीं, बीसीसीआई में सुप्रीमो की कुर्सी खाली होने पर अनुराग ठाकुर ने दावेदारी ठोंकी थी। वह भारतीय क्रिकेट इतिहास में दूसरे सबसे युवा अध्यक्ष हैं, इससे पहले 1963 में 33 साल की उम्र में फतेह सिंह गायकवाड़ सबसे युवा अध्यक्ष बने थे। अनुराग ठाकुर की उम्र 41 वर्ष है।
बोर्ड के नए बॉस ने ये किए प्रमुख एलान
-राष्ट्रीय टीम के कोच के लिए विज्ञापन दिया जाएगा और आवेदन के लिए 10 जून की समयसीमा होगी।
-जल संग्रहण परियोजना के लिए सौ करोड़ का प्रावधान। ताकि बारिश के पानी का संग्रहण कर सूखे की स्थिति से निपटा जा सके।
-मूक एवं बधिर क्रिकेटरों के लिए अगले पांच सालों के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि का फंड
-जस्टिस लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों के तहत संतोष रंगनेकर को नया मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) नियुक्त किया गया।
-शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के लिए अलग से विशेष सीटों का इंतजाम।
-छात्राओं और विशेष रूप से सक्षम लोगों के लिए कम से कम दस प्रतिशत निशुल्क: टिकट।
-स्टेडियमों में दर्शकों की सुविधाओं के नंबर वाली सीटें।
-सभी राज्य इकाईयों को फेसबुक और ट्विटर अकाउंट और वेबसाइट खोलने के निर्देश जहां क्रिकेटप्रेमियों को संबंधित सूचना और आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
-बीसीसीआई से लाइसेंसशुदा मोबाइल कोचिंग एप जो दूरदराज क्षेत्र की क्रिकेट अकादमियां इस्तेमाल कर सकें।
-भारतीय महिला क्रिकेटरों के लिए केंद्रीय अनुबंध प्रणाली लागू करना।