अपने दामाद गुरुनाथ मयप्पन का नाम स्पॉट फिक्सिंग मामले में सामने आने के बाद बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने इस्तीफा देने से इंकार किया है।
श्रीनिवासन ने शनिवार को कहा, 'मैंने ऐसा कोई गलत काम नहीं किया है, जिसके लिए मैं इस्तीफा दूं। मैं इस्तीफा नहीं दूंगा और ना ही कोई जबरदस्ती मुझसे इस्तीफा ले सकता है।
गौरतलब है कि आईपीएल फिक्सिंग केस में दामाद गुरुनाथ मयप्पन की गिरफ्तारी के बाद बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
इस्तीफे के बढ़ते दबाव के बीच बीसीसीआई बोर्ड का एक ग्रुप श्रीनिवासन को निलंबित करने की कार्यवाही पर योजना बना रहा है।
ताजा घटनाक्रम में फिलहाल श्रीनिवासन से बोर्ड ने किनारा कर लिया है। और इसे उनको सस्पेंड करने के क्रम में देखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने अपने इस्तीफे के बारे में ऐसे कोई संकेत नहीं दिए हैं।
दामाद की गिरफ्तारी से ससुर की कुर्सी खतरे में
सूत्रों के अनुसार, बोर्ड के कुछ शीर्ष अधिकारी श्रीनिवासन को सस्पेंड करने और उनकी जगह पर साफ सुथरी छवि वाले शशांक मनोहर को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रहे हैं।
बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी के अनुसार, जब तक अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं होता तब तक शशांक मनोहर जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं।
गौरतलब है कि मुबई पुलिस ने आईपीएल में सट्टेबाजी के लिए श्रीनिवासन के दामाद मयप्पन को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही श्रीनिवासन से इस्तीफे की मांग की जा रही है।