आगामी एशिया कप के स्थल को चुनने के लिए होने वाली एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की बैठक स्थगित हो गई। यह मीटिंग दुबई में 3 मार्च को होनी थी लेकिन अब महीने के अंत तक टल गई है। बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली सहित कई सदस्यों ने कोरोना वायरस के खतरे के चलते इस बैठक के लिए दुबई जाने से इनकार कर दिया है।
यूएई में कोरोना वायरस के 700 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। सूत्रों ने कहा कि गांगुली को बैठक के लिए रविवार को दुबई रवाना होना था लेकिन उन्होंने अपनी यात्रा स्थगित कर दी। बोर्ड अध्यक्ष गांगुली और सचिव जय शाह को बैठक में भाग लेना था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन एहसान मनी दुबई में हैं लेकिन सीईओ वसीम खान रविवार को रवाना नहीं हुए हैं।
दो दिन पहले गांगुली ने कहा था कि एशिया कप दुबई में होगा और भारत व पाकिस्तान दोनों खेलेंगे लेकिन एहसान मनी का कहना है कि सितंबर में होने वाले टूर्नामेंट को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। पाकिस्तान को टूर्नामेंट की मेजबानी करनी थी लेकिन बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया कि भारतीय टीम पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी। आयोजक नए विकल्पों पर गौर कर रहे हैं जिसमें दुबई एक है।