भारत और पाकिस्तान के बीच दिसंबर में होने वाली संभावित क्रिकेट सीरीज के लिए पाक क्रिकेट बोर्ड का दावा है कि बीसीसीआई ने उसकी टीम को भारत में खेलने का न्योता दिया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन शहरयार खान ने दावा किया है कि बीसीसीआई ने दिसंबर में भारत में घरेलू सीरीज खेलने के लिए आधिकारिक तौर पर न्योता भेजा है। शहरयार ने लाहौर में मीडिया को बताया कि भारत में उनके समकक्ष शशांक मनोहर ने कल (शुक्रवार) को फोन पर हुई बात के दौरान उन्हें खेलने के लिए न्योता दिया।
शहरयार ने कहा, "शशांक मनोहर ने शुक्रवार की शाम मुझे फोन किया और मुझसे कहा कि उन्होंने पाक के साथ खेलने को लेकर सरकार से अनुमति हासिल कर ली है। लेकिन मनोहर ने यह भी कहा कि वे यूएई के बजाए भारत में सीरीज खेलना चाहते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मनोहर ने मुझे यह भी बताया कि भारतीय बोर्ड उनकी टीम को पूरी सुरक्षा मुहैया कराएगा। साथ ही ये मैच मोहाली और कोलकाता में खेले जा सकते हैं जहां भारत-पाक मैच को लेकर सुरक्षा संबंधी कोई समस्या नहीं है।" हालांकि पीसीबी प्रमुख ने मनोहर को यह सूचित किया था कि सहमति पत्र के आधार पर पाक यह सीरीज दिसंबर में यूएई में खेलना चाहता है लेकिन भारत यूएई में नहीं खेलना चाहता।