बीसीसीआई अध्यक्ष एस श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मैयप्पन के सट्टेबाजी से जुड़े तारों की जांच के लिए बोर्ड की ओर से तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर लिया गया है।
हाईकोर्ट के एक सेवानिवृत्त जज की अगुवाई में बन रही इस जांच कमेटी में बीसीसीआई की ओर से पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री व बोर्ड के कोषाध्यक्ष अजय शिर्के को शामिल किया है। हालांकि अभी जज के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।
बोर्ड की ओर से अभी इस समिति की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन सूत्रों का कहना है कि कमेटी में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के सदस्य रवि शास्त्री व शिर्के का नाम तय है। बोर्ड अध्यक्ष श्रीनिवासन ने रविवार को ही साफ कर दिया था कि तीन सदस्यीय जांच समिति में उनका नाम नहीं होगा।
उन्होंने यह भी कहा था कि राजीव शुक्ला, संजय जगदाले, रवि शास्त्री व अजय शिर्के में से ही बोर्ड की ओर से सदस्य चुने जाएंगे। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि समिति अपना काम कब शुरू करेगी और कितने दिनों में रिपोर्ट देगी।
समिति मामले की जांच कर बोर्ड की अनुशासनात्मक समिति के समक्ष रखेगी। इस समिति में बोर्ड अध्यक्ष भी हैं लेकिन मैयप्पन पर फैसला लेते समय वह इस समिति से दूर रहेंगे। हालांकि बोर्ड के उपाध्यक्ष अरुण जेटली ने सोमवार को कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से सट्टेबाजी प्रकरण पर हलफनामा दाखिल करने को दिए गए 2 सप्ताह के समय के अंदर जांच का काम पूरा कर लिया जाएगा।