बीसीसीआई की ओर से घरेलू क्रिकेट में टीमों की संख्या तो बढ़ा ली गई है, लेकिन अंपायरों का टोटा उसके आगे मुसीबत बनकर खड़ा हो गया है। अंपायरों के अकाल के चलते बीसीसीआई ने अनोखा फैसला करते हुए पहले से घोषित कुछ घरेलू टूर्नामेंटों की तिथियों में बदलाव की घोषणा कर दी है।
बोर्ड के क्रिकेटर संचालन जनरल मैनेजर सबा करीम ने सभी राज्य संघों से नई तिथियों के अनुसार मैच आयोजित करने और उसी के अनुसार इंतजाम करने को कहा है। यह तब है जब राज्य संघों की ओर से इन टूर्नामेंटों के लिए होटल की बुकिंग और अन्य इंतजाम पहले से किए जा चुके हैं।
सबा करीम ने बुधवार को सभी राज्य संघों को ईमेल के जरिए लिखा है कि दिसंबर माह में होने वाले कूच बिहार के राउंड रॉबिन, नॉक आउट और महिला वन डे टूर्नामेंट के लिए अंपायर उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते मैचों के आयोजन की तिथि बदली जा रही है।
कुच बिहार ट्राफी के 17 से 20 दिसंबर को होने वाले मैच अब 21 से 24 जनवरी, नॉक आउट मैच 29 जनवरी से 18 जनवरी और सीनियर महिला वन डे क्रिकेट टूर्नामेंट 24 से 29 दिसंबर की बजाय 26 से 31 दिसंबर को खेला जाएगा। उल्लेखनीय है कि बोर्ड की ओर से बीते वर्ष कराए अंपायरों के टेस्ट में धांधिलयों के आरोप लगे थे।