टीवी टुडे नेटवर्क ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच पुणे में खेले गए दूसरे वनडे से पहले पिच के साथ छेड़छाड़ किए जाने का स्टिंग दिखाकर भारतीय क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी। इस खुलासे के बाद मैच के आयोजन पर भी तलवार लटक गई थी लेकिन अंत में मैच का आयोजन तय समय पर हुआ। मैच से पहले आईसीसी के पर्यवेक्षक ने पिच की जांच कर अपनी मंजूरी दी जिसके बाद मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही शुरू हुआ।
लेकिन इस खबर के बाद बीसीसीआई ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे क्रिकेट स्टेडियम के क्यूरेटर को निलंबित कर दिया। क्यूरेटर पांडुरंग सलगांवकर एक टीवी स्टिंग आपरेशन में यह दावा करते हुए दिए कि वह भारत-न्यूजीलैंड के बीच दूसरे वनडे से पहले पिच से छेड़छाड़ कर सकते हैं। इंडिया टुडे टीवी द्वारा किये गये इस स्टिंग आपरेशन में सालगांवकर महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) के स्टेडियम की पिच पर खड़े होकर एक अंडरकवर रिपोर्टर से बात करते हुए दिख रहे हैं जिसमें यह रिपोर्टर एक सट्टेबाज बना हुआ है।
अड़सठ वर्षीय सलगांवकर इस रिपोर्टर की जरूरत के मुताबिक पिच के साथ छेड़छाड़ करने की बात पर सहमति जताते हुए दिख रहे हैं। इंडिया टुडे टीवी ने कहा कि यह वीडियो बीती शाम रिकॉर्ड किया गया था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि पूर्व तेज गेंदबाज सलगांवकर मैच से कुछ घंटे पहले पिच से किस तरह छेड़छाड़ कैसे कर सकते थे।
बीसीसीआई के कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी ने सलगांवकर के निलंबन की खबर देते हुए कहा, ‘‘पांडुरांग सलगांवकर को तुरंत प्रभाव से महाराष्ट्र क्रिकेट संघ के क्यूरेटर पद से निलंबित किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा, ‘‘एमसीए ने भी सलगांवकर को संघ के सभी अन्य पदों से निलंबित कर दिया है। मामले की तफ्तीश के लिए एमसीए ने एक जांच आयोग भी गठित किया है।
अध्यक्ष अभय आप्टे ने कहा, एमसीए के अध्यक्ष के तौर पर मैंने तुरंत प्रभाव से सालगांवकर को निलंबित कर दिया है और उनका सारा काम छीन लिया गया है जिसमें उनकी एमसीए की सदस्यता भी ले ली गयी है।
बीसीसीआई ने पहले ही कहा है कि भ्रष्ट गतिविधियों के प्रति जरा भी ढील नहीं बरती जायेगी।