भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई/BCCI) ने इस साल होने वाले महिला टी-20 चैलेंज टूर्नामेंट के लिए टाइटल स्पॉन्सर की घोषणा कर दी है। 15 मई को हुई बोली प्रक्रिया में भारतीय फैंटेसी स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म माय इलेवन सर्किल (My11Circle) ने जीत हासिल की। उन्हें ही महिला टी-20 चैलेंज 2022 के टाइटल स्पॉन्सरशिप का अधिकार दिया गया है।
इस साल महिला टी-20 चैलेंज में चार मैच होंगे जो 23 मई से 28 मई तक पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया की 12 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर, शेफाली वर्मा, एल वुल्वर्ट, सोफी एक्लेस्टोन और डिएंड्रा डॉटिन जैसी कई प्रमुख खिलाड़ियां इसमें खेलते हुए नजर आएंगी।
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा- हम जिस खेल से प्यार करते हैं उसे बढ़ने का मौका देते हैं। महिला टी-20 चैलेंज हमेशा उस प्रयास की कुंजी रही है। महिला टूर्नामेंट्स को लेकर देश विदेश में अब चर्चाएं हैं। हर जगह महिलाओं को लेकर टूर्नामेंट खेले जा रहे हैं। यही हमें विश्वास दिलाता है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
वहीं, बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा- महिला टी-20 चैलेंज खिलाड़ियों के लिए एक मंच प्रदान करेगा, जिससे खिलाड़ी खुद को अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए तैयार कर सकें। महिला क्रिकेट की लोकप्रियता काफी बढ़ गई है और 2022 के सीजन के टाइटल स्पॉन्सरशिप के रूप में इतनी बड़ी कंपनी को होना इस बात का प्रमाण है। बोर्ड भारत में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।