भारत और वेस्टइंडीज के बीच अगले महीने से सीमित औवरों की सीरीज खेली जाएगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसे लिए अपने 18 सदस्यीय दल की घोषणा भी कर दी है। रोहित शर्मा तीन-तीन मैचों की वनडे और टी-20 सीरीज की कमान संभालेंगे जबकि केएल राहुल उपकप्तान रहेंगे। बीसीसीआई ने स्क्वॉड के सभी खिलाड़ियों को सोमवार को अहमदाबाद में इकठ्ठा होने के लिए कहा है।
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया अभ्यास शुरू करने से पहले तीन दिन तक क्वारंटीन रहेगी। सीरीज के सभी मुकाबले अहमदाबाद और कोलकाता में खेले जाएंगे। भारतीय टीम के लिए यह सीरीज साल की पहली घरेलू सीरीज होगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया यहां जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी।
भारतीय स्क्वॉड को एक फरवरी को अहमदाबाद पहुंचने के लिए कहा गया है। यहां वे तीन दिन के क्वारंटीन के साथ-साथ लगातार कोविड जांच से गुजरेंगे। इसके बाद वे चार फरवरी को अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे और फिर छह फरवरी को दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा।
भारतीय वनडे स्क्वॉड:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान
भारतीय टी-20 स्क्वॉड:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, हर्षल पटेल।