भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीाई) ने शनिवार को राजस्थान के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजीत सिंह को एंटी करप्शन यूनिट (एसीयू) का प्रमुख नियुक्त किया। गौरतलब है कि वह दिल्ली पुलिस के पूर्व महानिदेशक नीरज कुमार की जगह लेंगे। नीरज कुमार 31 मई 2018 तक को एसीयू के सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
बीसीसीआई की विज्ञप्ति के मुताबिक, 'भारतीय पुलिस सेवा में लगभग 36 साल की सेवाएं देने वाले सिंह को भ्रष्टाचार विरोधी अभियान, खोजी कार्य और पुलिस व्यवस्था के मामले में काफी अनुभव है।' वह
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) शुरू होने से पहले मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। विज्ञप्ति के मुताबिक नीरज कुमार को 31 मई 2018 तक एंटी करप्शन यूनिट के सलाहकार के रूप में बनाए रखा गया है।
बीसीसीआई ने आईपीएल के पिछले सीजन की तरह आगामी सीजन में भी आईसीसी भ्रष्टाचार विरोधी इकाई की सेवाएं जारी रखने का फैसला किया है। एस दौरान उन्होंने कहा, 'बीसीसीआई और आईसीसी आईपीएल में उच्चतम स्तर के मानदंड बनाए रखने के लिए साथ मिलकर काम करेंगे।'
बता दें कि अजीत सिंह राजस्थान कैडर के 1982 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह पिछले साल 30 नवंबर को राजस्थान के शीर्ष पुलिस अधिकारी के पद से सेवानिवृत हुए थे।