पाकिस्तान के करामाती लेग स्पिनर शादाब खान दो बार की बिग बैश लीग विजेता सिडनी सिक्सर्स की टीम में शामिल हो गए हैं। वह बीबीएल 2021 में टीम का शेष मैचों में प्रतिनिधित्व करेंगे। शादाब सि़डनी सिक्सर्स की टीम में ओवरसीज खिलाड़ी के तौर पर शामिल हुए हैं। पाकिस्तानी खिलाड़ी बीबीएल की इस टीम के साथ जुड़ने की वजह ऑफ स्पिनर बेन मानेंटी का चोटिल होना है। इसके अलावा टीम के खिलाड़ी स्टीव ओ कीफे के पिंडली में चोट लगी है।
पाकिस्तान के लिए तीनों प्रारूपों में खेल चुके हैं शादाब
23 वर्षीय शादाब खान क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में पाकिस्तान के लिए खेलते हैं। वह पाकिस्तान के लिए अब तक 64 टी-20 अंतराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं जिनमें 73 विकेट चटकाए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 14 देकर 4 विकेट आउट करना रहा है। अक्टूबर नंबवर में सुंयुक्त अरब अमीरात में खेले गए टी-20 विश्व कप के दौरान शादाब ने अपनी पाकिस्तान के लिए सभी छह मैच खेले जिनमें 9 विकेट हासिल किए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर चार विकेट झटके थे।
सिडनी सिक्सर्स के कोच ने जताई खुशी
शादाब खान के सिडनी सिक्सर्स की टीम में शामिल होने के बाद कोच ग्रेग शिपर्ड ने खुशी जताई। वह पाकिस्तान के लेग स्पिनर के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि शादाब ने गेंदबाजों के कवर के तौर पर ज्वाइन किया है। वह दो नए गेंदबाजों लॉयल पोप और टॉड मर्फी के साथ टीम में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि यह तीनों गेंदबाज अभी सीख रहे हैं लेकिन अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया है, हम शादाब खान का टीम में स्वागत करते हैं और उन्हें आगामी मैचों में टीम में शामिल किया जाएगा। 26 दिसंबर को सिडनी सिक्सर का मुकाबला सिडनी थंडर से होगा।