रजा की गेंद सिर पर लगने के बाद फ्लेचर मैदान में ही गिर गए
- फोटो : सोशल मीडिया
बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाज रेजौर रहमान रजा ने अपने पहले बीपीएल मैच में ही तहलका मचा दिया है। उन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही खतरनाक बाउंसर फेंकी और वेस्टइंडीज के बल्लेबाज आंद्रे फ्लेचर को चकमा दे दिया। यह गेंद फ्लेचर के हेलमेट के नीचे गर्दन पर लगी और वो मैदान में ही गिर गए। इसके बाद फ्लेचर को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अब फ्लेचर की हालत ठीक है। उनकी जगह सिकंदर रजा बल्लेबाजी करने के लिए आए थे। इस मैच में रहमान रजा ने 20 रन देकर दो विकेट लिए।
रहमान रजा अपने पहले ही मैच में सिर्फ एक गेंद की वजह से चर्चा में आ गए हैं। उनकी खतरनाक बाउंस जिसने फ्लेचर जैसे बल्लेबाज को चकमा दिया और उनके सिर पर लगी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की सीन एबॉट भी अपनी बाउंसर के चलते चर्चा में आए थे। उनकी बाउंसर लगने से क्रिकेटर फ्लिप ह्यूज की मौत हो गई थी।
कब चोटिल हुए फ्लेचर
खुलना टाइगर्स की पारी के सातवें ओवर में फ्लेचर 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे, जब रहमान रजा की एक गेंद को अतिरिक्त उछाल मिला। यह गेंद सीधे फ्लेचर की गर्दन में जाकर लगी और वो मैदान में ही गिर गए। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर में मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। लंबे समय तक उन्हें मैदान में ही फिजियो की देखरेख में रखा गया और वो ठीक थे। इसके बाद एहतियातन उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वो अब किसी भी खतरे से बाहर हैं।
25 रन से जीता चटग्राम चैलेंजर्स
चटग्राम चैलेंजर्स की टीम ने यह मैच 25 रन से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चटग्राम ने 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 190 रन बनाए। हॉवेल ने सबसे ज्यादा 34, कप्तान मेंहदी हसन ने 30 और सब्बीर रहमान ने 32 रन बनाए। खुलना टाइगर्स के लिए कमरूल इस्लाम ने दो विकेट लिए। वहीं नवीन उल हक और रेजा को एक-एक विकेट मिला। इसके जवाब में खुलना टाइगर्स की टीम नौ विकेट खोकर 165 रन ही बना पाई। यासिर अली ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। वहीं मेहदी हसन ने 30 रन की पारी खेली। चटग्राम के सभी गेंदबाजों ने इस मैच में विकेट चटकाए।
नसूम अहमद और हॉवेल को एक-एक विकेट मिला। वहीं शोरिफुल इस्लाम, मेहदी हसन और रहमान रजा ने दो-दो विकेट लिए। इस मैच में डेब्यू करने वाले रहमान रजा ने अपने चार ओवरों में सिर्फ 20 रन दिए और दो अहम विकेट लिए। आने वाले मैचों में टीम को उनसे ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी।