बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। इकबाल ने फेसबुक में बांग्ला भाषा में लिखा कि अब से उन्हें टी20 क्रिकेट से रिटायर माना जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी को धन्यवाद कहा है। वो लगभग दो साल से बांग्लादेश के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेले थे। इसके बाद माना जा रहा था कि वो जल्द ही टी20 क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं और अब उन्होंने ऐसा ही किया है।
हाल ही में बांग्लादेश ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को उसके घर में 3-0 से हराया है। इसके ठीक बाद तमीम ने संन्यास का एलान किया है। तमीम ने आखिरी टी20 मैच मार्च 2020 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था। इस मैच में उन्होंने 33 गेंद में 41 रन बनाए थे।
बांग्लादेश के लिए टी20 में एकमात्र शतक लगाने वाले बल्लेबाज है तमीम
तमीम बांग्लादेश के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में शतक लगाया है। उन्होंने अपने देश के लिए 78 टी20 मैच खेले हैं और 1758 रन बनाए हैं। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में वो बांग्लादेश के लिए रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में उनका औसत 24.65 का है। अपने करियर में उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक लगाए हैं। वहीं वनडे में उनके बल्ले से 5082 रन और टेस्ट में 7943 रन निकले हैं।