बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच रविवार (23 मई) को तीन वन-डे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में बांग्लादेश के कप्तान व सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने एक बेहद खास उपलब्धि हासिल की। वह बतौर ओपनर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 14 हजार रन बनाने वाले दुनिया के 10वें ओपनर बन गए हैं।
सचिन-सहवाग के क्लब में हुए शामिल
इसके साथ ही वह सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, क्रिस गेल और सनत जयसुर्या जैसे दिग्गज बल्लेबाजों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं। बता दें कि तमीम ने पहले वन-डे में 70 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
बतौर ओपनर सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड सनत जयसूर्या के नाम
बतौर ओपनर तमीम के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 14011 हो गए हैं। बतौर ओपनर सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज सनत जयसूर्या के नाम हैं। उन्होंने 19298 रन बनाए हैं। वहीं, इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर वेस्टइंजीड के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल (18834) हैं। तीसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ (16950) हैं। वहीं, भारत की तरफ से इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर (15335) और वीरेंद्र सहवाग (16119) का नाम शुमार हैं।