प्रकाश पादुकोण (बाएं) और दीपिका पादुकोण (दाएं)
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण को बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने इस साल लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चुना है। बीडब्ल्यूएफ ने पुरस्कार आयोग की सिफारिश पर उनका चयन किया।
भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने पुरस्कार के लिए उनका नाम भेजा था। दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी और विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पादुकोण को 2018 में बीएआई का लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया था।
उत्कृष्ट सेवा के लिए बीडब्ल्यूएफ परिषद ने हरियाणा बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष देवेंदर सिंह, महाराष्ट्र बैडमिंटन संघ के महासचिव एसए शेट्टी, बीएआई उपाध्यक्ष ओडी शर्मा और पूर्व उपाध्यक्ष मानिक साहा को नामित किया है।
उत्तराखंड बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष अलकनंदा अशोक को महिला और लैंगिक समानता पुरस्कार दिया गया है। वह पिछले काफी समय से बैडमिंटन से जुड़ी रही हैं। वहीं, सनराइज स्पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड को बैडमिंटन को उनके निरंतर समर्थन के लिए प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।