पाकिस्तान के दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए पूर्व कप्तान बाबर आजम, फखर जमां, शाहीन अफरीदी और नसीम शाह जैसे सीनियर खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है। पाकिस्तान को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे, तीन टी20 और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। माना जा रहा है कि इसके लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) जल्द ही टीम का एलान कर सकता है।
एक सूत्र ने बताया कि फखर को फिटनेस टेस्ट में असफल होने और घुटने की समस्या के कारण ऑस्ट्रेलिया और जिंबाब्वे में सीमित ओवरों की सीरीज के लिए बाहर कर दिया गया था। उन्होंने अपनी फिटनेस पर काम किया है और दक्षिण अफ्रीका में सीमित ओवरों की सीरीज के लिए उनके नाम पर विचार किया जा सकता है। सूत्र ने यह भी कहा कि चयनकर्ताओं ने पीसीबी को सुझाव दिया है कि केवल टेस्ट सीरीज के लिए चुने जाने वाले खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी के लिए ट्रेनिंग शिविर के लिए दक्षिण अफ्रीका भेजा जाए।
शाहीन-नसीम को वनडे और टेस्ट में मिलेगा मौका
सूत्र ने कहा कि पूर्व कप्तान बाबर के साथ-साथ शाहीन और नसीम को भी वनडे और टेस्ट टीम में शामिल किया जाएगा। इन्हें जिंबाब्वे दौरे के लिए आराम दिया गया था। सूत्र ने कहा कि फखर को टी20 मुकाबालों के लिए भी बुलाया जा सकता है लेकिन बाबर, शाहीन और नसीम को केवल तीन वनडे और दो टेस्ट में खिलाया जा सकता है।
बाबर सहित सीनियर खिलाड़ियों किया गया था बाहर
बाबर आजम ने कुछ दिनों पहले ही पाकिस्तान के सीमित ओवरों की कमान छोड़ी थी। बाबर सहित पाकिस्तान के कुछ सीनियर खिलाड़ियों को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे और तीसरे मैच से बाहर किया गया था। दक्षिण अफ्रीका के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं बरकरार रखने के लिए यह टेस्ट सीरीज अहम होगी।