बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान (बाएं) विराट कोहली और ऋषभ पंत (दाएं)
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज बराबरी पर पहुंच चुकी है। पाकिस्तान ने पहला मैच छह विकेट से गंवाने के बाद दूसरा मैच 10 विकेट से अपने नाम किया और सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने नाबाद 110 रन बनाए और अपनी टीम को चैंपियन बनाया। इस पारी के साथ ही उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। 200 रन का पीछा करते हुए बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने 203 रन की सलामी साझेदारी की और विश्व रिकॉर्ड बना दिया। अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी थी। यहां हम इस मैच में बने सभी बड़े रिकॉर्ड के बारे में बता रहे हैं।
110 रन की पारी के साथ बाबर आजम ने भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और स्विटजरलैंड के फहीम नाजिर के खास क्लब में भी जगह बना ली। पाकिस्तान की कप्तानी करते हुए बाबर में टी20 में दूसरा शतक लगाया। इसके साथ ही वह तीसरे खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच में अपनी टीम की कप्तानी करते हुए दो शतक लगाए हैं। बाबर आजम से पहले भारत के रोहित शर्मा ने कप्तानी करते हुए टी20 में दो शतक लगाए हैं। वहीं, स्विजरलैंड के फहीम नाजिर भी ऐसा कर चुके हैं।
बाबर ने विराट को पीछे छोड़ा
बाबर आजम ने सिर्फ 218 पारियों में ही टी20 क्रिकेट में अपने आठ हजार रन पूरे कर लिए और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। विराट ने 243 टी20 पारियों में आठ हजार रन पूरे किए थे। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल इस मामले में सबसे आगे हैं। उन्होंने सिर्फ 213 पारियों में ही टी20 में आठ हजार रन का आंकड़ा छू लिया था।
पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले कप्तान
बाबर आजम ने पाकिस्तानी की कप्तानी करते हुए 10वां शतक लगाया। इसके साथ ही वह अपने देश के लिए बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने वाल बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले यह रिकॉर्ड इंजमाम उल हक के नाम था, जिन्होंने पाकिस्तान की कप्तानी करते हुए नौ शतक लगाए थे। मिस्बाह उल हक आठ, इमरान खान छह, अजहर अली और जावेद मिंयादाद पाकिस्तान की कप्तानी करते हुए पांच शतक लगा चुके हैं।
बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की जोड़ी ने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में पांचवीं बार 150 रन से ज्यादा की साझेदारी की। इस मामले में यह जोड़ी सबसे आगे है। भारत के रोहित शर्मा और शिखर धवन ने दो बार ऐसा किया है। वहीं, गिबरंटर के लुईस ब्रूस और बालाजी पाइ भी दो बार 150 रन से ज्यादा की साझेदारी कर चुके हैं। वहीं, हर तरह की टी20 लीग के रिकॉर्ड को शामिल किया जाए तो विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने चार बार 150 रन से ज्यादा की साझेदारी की है। बाबर और रिजवान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रिकॉर्ड चार बार लक्ष्य का पीछा करते हुए 150 रन से ज्यादा की साझेदारी कर चुके हैं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बाबर का कमाल
पाकिस्तान की कप्तानी करते हुए बाबर आजम ने कमाल का खेल दिखाया है। खासकर लक्ष्य का पीछा करते हुए उनका रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 122 रन बनाए थे। अब उन्होंने नाबाद 110 रन बनाए हैं। यह दूसरा मौका था, जब बाबर ने पाकिस्तान का कप्तान रहते हुए लक्ष्य का पीछा करते हुए शतकीय पारी खेली। उनके अलावा कोई भी दूसरा कप्तान लक्ष्य का पीछा करते हुए इतनी बड़ी पारी नहीं खेल पाया है।
इस मैच में बाबर आजम ने पाकिस्तान की धरती पर अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी भी खेली। उन्होंने नाबाद 110 रन बनाए। इससे पहले मोहम्मद रिजवान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 104 रन बनाए थे। बाबर 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन भी बना चुके हैं। यह हजारवां मौका था, जब किसी कप्तान ने अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक लगाया।
बिना विकेट गंवाए 200 रन का लक्ष्य हासिल करने वाली पहली टीम बनी पाकिस्तान
इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में पाकिस्तान को पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। इसके साथ ही यह टीम सीरीज में पीछे हो गई थी। पाकिस्तान के खिलाड़ियों की जमकर आलोचना हो रही थी। इसके बाद दूसरे मैच में पाकिस्तान के सामने 200 रन का लक्ष्य था। इसी मैच में बाबर ने फॉर्म में वापसी की और 66 गेंदों में 11 चौके और पांच छक्कों की मदद से 110 रन बनाए। रिजवान ने भी 51 गेंदों में 88 रन बनाकर उनका साथ दिया। दोनों ने मिलकर 19.3 ओवर में 203 रन बनाए और अपनी टीम को जीत दिला दी। इसके साथ ही पाकिस्तान दुनिया की पहली टीम बन गई, जिसने 200 रन का लक्ष्य बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया।